राजस्थान के अलवर में दबंगों द्वारा दलित युवक के साथ अमानवीय व्यवहार करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने पीड़ित को मंदिर में कथित रूप से नाक रगड़ने को मजबूर किया तथा उससे मारपीट भी की। इस घटनाक्रम का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
पुलिस के अनुसार पीड़ित युवक राजेश कुमार मेघवाल एक निजी बैंक में काम करता है। आरोप है कि सोशल मीडिया पर फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ की आलोचना संबंधी अपनी एक टिप्प्णी के जवाब में उसने हिंदू देवताओं के लिए कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी लिखी थी, जिससे नाराज कुछ लोगों ने उससे मारपीट की और उसे मंदिर में नाक रगड़ने को मजबूर किया तथा माफी मांगने को कहा।
राजस्थान : ‘द कश्मीर फाइल्स’ स्क्रीनिंग के मद्देनजर कोटा में 21 अप्रैल तक धारा 144 लागू
घटना मंगलवार को बहरोड़ थाना क्षेत्र की है जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। बहरोड़ के क्षेत्राधिकारी (सीओ) आनंद कुमार ने बताया कि राजेश कुमार ने दो-तीन दिन पहले फेसबुक पर फिल्म की आलोचना की थी। उसने फिल्म के खिलाफ एक पोस्ट लिखी जिस पर कई लोगों ने आलोचनात्मक टिप्पणियां कीं। अपने पोस्ट में युवक ने सवाल किया, ‘‘क्या अत्याचार सिर्फ पंडितों के साथ हुआ है, दलितों के साथ नहीं।’’ उसने लिखा, ‘‘गरीबों पर रोज अत्याचार हो रहे हैं और उनकी सुरक्षा के नाम पर कुछ भी नहीं है।’’
मेघवाल के इस पोस्ट के जवाब में कुछ लोगों ने ‘जय श्री राम’ और ‘जय श्री कृष्ण’ लिखा। इन टिप्पणियों पर उसने कथित तौर देवताओं के लिए कुछ अपमानजनक टिप्पणियां कीं। हालांकि, उसने बाद में राम और कृष्ण पर टिप्पणी करने के लिए सोशल मीडिया पर माफी भी मांगी। लेकिन कुछ स्थानीय लोगों ने उसे एक मंदिर में माफी मांगने के लिए मजबूर किया। उसे मंगलवार को मंदिर ले जाया गया, जहां मेघवाल ने माफी मांगी।
अधिकारी ने कहा, ‘‘वहां मौजूद कुछ लोगों ने उसे मंदिर में नाक रगड़ने के लिए मजबूर किया।’’ उन्होंने बताया कि बहरोड़ थाने में बीती रात 11 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है और उनमें से दो को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि कुछ अन्य लोगों को भी पकड़ा गया है।


Download Android App
Download iOS App



