राजस्थान के कोटा में किसानों की विभिन्न समस्याओं और मांगो को लेकर हाड़ौती किसान यूनियन सहित विभिन्न किसान संगठन की ओर से सितम्बर माह के दूसरे सप्ताह में कोटा संभागीय मुख्यालय पर बड़ा किसान प्रदर्शन किया जायेगा।
हाड़ौती किसान यूनियन के महामंत्री दशरथ कुमार ने आज बताया कि अगले महिने होने वाले इस प्रदर्शन के लिये की जा रही तैयारियों के तहत संभाग के चारों जिलों में कोटा, बूंदी, बारां, और झालावाड़ की सभी तहसील स्तर पर किसान समितियां गठित करके प्रदर्शन की तैयारियों के लिये बैठके की जा रही है।
उन्होंने बताया कि यूनियन सहित अन्य किसान संगठनों की यह भरपूर कोशिश है कि संभाग के चारों जिलों में प्रत्येक गांव में जाकर किसानों से व्यापक जनसम्पर्क किया जाये और दलीय एवं जातीय आधार से उपर उठकर किसानों को उनके अधिकारों केे प्रति जागरूक किया जाये और केन्द्र-राज्य सरकार की किसान विरोधी नीतियों के कारण उन पर आने वाले संकट के प्रति उन्हें जागरूक करके संघर्ष करने के लिये प्रेरित किया जाये ताकि वे समय रहते सावचेत होकर अपने वाजिब हक के लिये संघर्ष को एकजुट हो सके।
उन्होंने बताया कि इस किसान आंदोलन और प्रस्तावित प्रदर्शन में शामिल किसान संगठन गांवो-किसानों को बचाने के लिये स्वार्थ रहित गैर दलीय राजनीति के आधार पर संघर्षरत है। इसके अलावा सामूहिक नेतृत्व की रणनीति के तहत सफल किसान आंदोलन की रूपरेखा बनाने के लिये संभाग भर में बैठके आयोजित की जा रही है।


Download Android App
Download iOS App



