जयपुर-अजमेर राजमार्ग पर बुधवार को तीन ट्रकों की टक्कर में पांच लोग और 12 मवेशियों की जलकर मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि आग इतनी भीषण थी कि एक ट्रक में बैठे ड्राइवर और हेल्पर को भागने का मौका भी नहीं मिला। हादसा जयपुर-अजमेर हाईवे पर दूदू के पास हुआ। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ घंटों तक यातायात अस्त-व्यस्त रहा। पुलिस ने बताया कि एक ट्रक में मवेशी लदे थे, जो जिंदा जल गये।
घटना के बाद दूदू पुलिस स्टेशन के कर्मचारी, अग्निशमन सेवाएं, नागरिक सुरक्षा कर्मी और होम गार्ड आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कहा कि दो ट्रक राजमार्ग पर रामनगर में रुके थे, तभी अजमेर जा रहे एक अन्य ट्रक ने नियंत्रण खो दिया और उनमें से एक ट्रक से टकरा गया। ट्रक में डीजल टैंक और सीएनजी किट लगी हुई थी, जिससे एक बड़ा विस्फोट हुआ। विस्फोट के बाद अन्य ट्रकों में लगे डीजल टैंक भी फट गए। विस्फोट में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 मवेशी भी जलकर मर गए।


Download Android App
Download iOS App



