राजस्थान में जारी राजनीतिक संकट के बीच मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एक बार फिर सचिन पायलट पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि इतिहास में कभी ऐसा नहीं हुआ होगा कि पार्टी का प्रदेशाध्यक्ष ही अपनी पार्टी की सरकार को गिराने में लगा रहा। उन्होंने कहा कि सात साल में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष को हटाने की मांग कभी नहीं उठी, जबकि हमें पता था कि सचिन पायलट कुछ नहीं कर रहे।
गहलोत ने सचिन पायलट को निकम्मा और नकारा बताया। उन्होंने कहा कि “एक छोटी खबर भी नहीं पढ़ी होगी किसी ने कि पायलट साहब को कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष के पद से हटाना चाहिए। हम जानते थे कि वो (सचिन पायलट) निकम्मा है, नकारा है, कुछ काम नहीं कर रहा है केवल लोगों को लड़वा रहा है।” सीएम गहलोत ने कहा, सबको मालूम है कि पूरा खेल भाजपा खेल रही है।
गहलोत ने कहा, “सचिन पायलट पिछले छह महीने से बीजेपी के समर्थन से सरकार को गिराने की साजिश रच रहे थे। उन्होंने कांग्रेस की पीठ में छुरा घोंपने का काम किया है, उन्हें काफी कम उम्र में बहुत कुछ मिल गया था। जब भी मैं कहता था कि वह सरकार को अस्थिर करने में लगे हुए हैं, तब मेरी बात पर कोई विश्वास नहीं कर रहा था।” उन्होंने कहा कि, “किसी को नहीं पता था कि इतनी मासूम शक्ल वाला शख्स ऐसा करेगा। मैं यहां सब्जी बेचने के लिए नहीं आया हूं। मैं मुख्यमंत्री हूं।”


Download Android App
Download iOS App



