राजस्थान के डीडवाना में जली कार से बरामद हुआ अधजला शव, जांच जारी

Summary :

लाडनूं में जली कार से शव बरामद, एफएसएल जांच शुरू

राजस्थान के डीडवाना जिले के लाडनूं क्षेत्र में एक कार में आग लगने से बल्दू गांव के प्रभुराम मेघवाल की जलकर मौत हो गई। पुलिस और एफएसएल टीम आग के कारणों की जांच कर रही है। क्षेत्र में दहशत का माहौल है और मामले की गहनता से जांच जारी है।

राजस्थान के डीडवाना जिले के लाडनूं उपखंड क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। बल्दु-गुणपालिया के कच्चे मार्ग पर एक कार में अचानक आग लगने से कार सवार व्यक्ति की जलकर मौत हो गई। मृतक की पहचान बल्दू गांव निवासी प्रभुराम मेघवाल के रूप में हुई। यह घटना शनिवार रात को हुई थी, जिसके बारे में रविवार को पता चला। स्थानीय लोगों ने जली हुई कार देखी और पुलिस को सूचित किया। कार से लगभग 75 प्रतिशत तक जले हुए अवस्था में प्रभुराम का शव बरामद हुआ। बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर कार मिली, उससे कुछ दूरी पर मृतक का खेत भी स्थित है। घटना की जानकारी मिलते ही लाडनूं पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है, ताकि आग लगने के कारणों और मृत्यु की असल वजह का पता लगाया जा सके।

राजस्थान की महिला डॉक्टर की हरियाणा में जलकर मौत, मां ने जताई हत्या की आशंका

डीडवाना एसपी हनुमान प्रसाद मीणा, लाडनूं उप अधीक्षक विक्की नागपाल और थानाधिकारी महीराम बिश्नोई भी मौके पर पहुंचे और हर पहलू से जांच-पड़ताल में जुटे हुए हैं। क्षेत्र में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है। फिलहाल आग लगने के कारण और प्रभुराम मेघवाल की मौत के पीछे की असल वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को कार से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच गहनता से जारी है।

इससे पहले राजस्थान के धौलपुर जिले के सरमथुरा-बाड़ी मार्ग पर सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया था। आंगई गांव के पास बोलेरो, अर्टिगा और ऑटो के बीच जोरदार टक्कर में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हादसे के वक्त सभी लोग विशिंगिर मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे। मृतकों की पहचान 30 वर्षीय ऑटो चालक ओंकार मीणा पुत्र बच्चू सिंह और 40 वर्षीय ममता पत्नी किरोड़ी (प्रजापति जाति) के रूप में हुई थी। दोनों मृतक चिलाचोन्द गांव के निवासी थे।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.