राजस्थान में संजय लीला भंसाली की फिल्म ”पद्मावत” को राजस्थान उच्च न्यायालय के जज सोमवार को जोधपुर में देखेंगे। नागौर जिले के डीडवाना में फिल्म के खिलाफ दर्ज मामले को खारिज किए जाने पर आज उच्च न्यायालय में सुनवाई के दौरान श्री भंसाली के अधिवक्ता ने अदालत से फिल्म देखने का अनुरोध किया।
पिछली सुनवाई में उच्च न्यायालय ने यह मंतव्य जाहिर किया था कि फिल्म को देखे बिना यह तय नहीं किया जा सकता कि फिल्म राजपूत समाज का अपमान करने वाली है।
अधिवक्ता ने कहा कि फिल्म कल ही दिखाई जा सकती है लेकिन इस मामले में जोधपुर पुलिस कमिश्नर ने दो सप्ताह का समय मांगा। इस पर अदालत ने नाराजगी जताते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने फिल्म को रिलीज करने के आदेश दे दिए हैं इसलिए अब फिल्म के प्रदर्शन के लिए समय मांगना आदेश की अवहेलना होगी।
इसके बाद न्यायाधीश संदीप मेहता ने सोमवार को जोधपुर के सत्यम सिनेमा में फिल्म के प्रदर्शन की अनुमति देते हुए जोधपुर पुलिस कमिश्नर को समुचित सुरक्षा व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
न्यायाधीश का कहना था कि सोमवार को फिल्म देखने के बाद मंगलवार को यह तय किया जाएगा कि फिल्म में कुछ आपत्तिजनक है या नहीं। इसके बाद डीडवाना में दर्ज प्राथमिकी को खारिज करने के बारे में निर्णय किया जाएगा।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए क्लिक करे।


Download Android App
Download iOS App



