Jaipur Ashutosh Ranka Incident: राजस्थान राजधानी जयपुर से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। दरअसल, के बगरू क्षेत्र में रामपुरा कंवरपुरा स्थित सरकारी प्राथमिक स्कूल को लेकर आज यानी शुक्रवार को विवाद बढ़ गया। स्कूल की खराब हालत का जायजा लेने के लिए CJP की टीम पहुंची थी। इस दौरान ग्रामीणों और टीम के बीच धक्का-मुक्की और मारपीट के हालात बन गए।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, CJP के को-कन्वीनर आशुतोष रांका अपनी टीम के साथ स्कूल का जायजा लेने पहुंचे थे। टीम का उद्देश्य स्कूल भवन की स्थिति और बच्चों को मिल रही शिक्षा व्यवस्था के बारे में जानकारी लेना था। इस दौरान सुबह करीब 8 बजे CJP कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के बीच कहासुनी के बाद धक्का-मुक्की हुई। विवाद बढ़ने पर ग्रामीणों ने कार्यकर्ताओं को गांव से बाहर जाने के लिए कहा। इसके बाद भी मामला शांत नहीं हुआ और ग्रामीण स्कूल के बाहर जमा हो गए। वहीं आशुतोष रांका ने आरोप लगाया कि ग्रामीणों ने उनके साथ मारपीट की है।
स्कूल के बाहर धरने पर बैठे ग्रामीण
विरोध कर रहे ग्रामीणों ने स्कूल के बाहर धरना शुरू कर दिया। उन्होंने मुख्य रास्ते पर ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी कर रास्ता रोक दिया। ग्रामीणों का कहना था कि स्कूल की मरम्मत के लिए सरकार पहले ही बजट मंजूर कर चुकी है। ऐसे में किसी राजनीतिक संगठन के लोगों के निरीक्षण की यहां कोई जरूरत नहीं बनती है। ग्रामीणों का कहना है कि, स्कूल भवन की मरम्मत के लिए करीब 12.50 लाख रुपये मंजूर हो चुके हैं। उनका कहना है कि वे स्थानीय स्तर पर स्कूल की स्थिति सुधारने का काम करा सकते हैं।
ग्रामीणों ने CJP नेताओं पर आरोप लगाया कि वे स्कूल की समस्या के समाधान के बजाय इसे राजनीतिक मुद्दा बनाने के लिए गांव में पहुंचे थे। कुछ ग्रामीणों ने यह भी कहा कि उन्हें स्कूल की वास्तविक हालात की जानकारी है और वे किसी बाहरी हस्तक्षेप के पक्ष में नहीं हैं। विरोध के दौरान हालात तनावपूर्ण हो गए । आरोप है कि CJP कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की गई और उनकी गाड़ियों पर पथराव किया गया। हालांकि, पूरे घटनाक्रम को लेकर दोनों पक्षों के अपने-अपने दावे हैं।
जर्जर भवन में नहीं हो रही पढ़ाई
रामपुरा कंवरपुरा के सरकारी स्कूल की इमारत काफी समय से खराब हालत में बताई जा रही है। भवन की स्थिति को देखते हुए बच्चों की कक्षाएं फिलहाल स्कूल परिसर के बजाय पास के एक बाड़े में संचालित की जा रही हैं। इससे बच्चों की पढ़ाई और उनकी सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सरकार की ओर से मरम्मत के लिए राशि मंजूर हो चुकी है, इसलिए जल्द ही भवन को ठीक कराया जाएगा। वहीं, CJP की टीम स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं की स्थिति को सामने लाने के लिए निरीक्षण कर रही थी।
मिली जानकारी के अनुसार, CJP की टीम शुक्रवार को जयपुर के दो सरकारी स्कूलों का दौरा करने वाली थी। टीम इन स्कूलों में भवन, बच्चों की पढ़ाई और उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति देखने पहुंची थी।
यह भी पढ़ें: राजस्थान विधानसभा का मानसून सत्र शुरू, निकाय चुनाव की घोषणा से कार्यवाई पर कितना पड़ेगा असर



Download Android App
Download iOS App




