पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपना ट्विटर स्टेटस बदल दिया है, और इस बदलाव के साथ ही मध्य प्रदेश के सियासी गलियारों में एक बार फिर कयासबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस की ओर से इस पर सफाई दी गई है, तो बीजेपी ने नए अध्याय की शुरुआत का दावा किया है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ट्विटर स्टेटस में बदलाव कर वहां अपने परिचय में ‘जनसेवक और क्रिकेट प्रेमी’ लिख दिया है। जबकि इससे पहले सिंधिया के प्रोफाइल में ‘पूर्व लोकसभा सदस्य गुना (2000-2019), पूर्व मंत्री (उर्जा) स्वतंत्र प्रभार और पूर्व मंत्री वाणिज्य व उद्योग दर्ज था। अचानक इस बदलाव की वजह क्या है, इसे सिंधिया की ओर से साफ नहीं किया गया है। लेकिन इस बदलाव को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
सिंधिया के ट्विटर स्टेटस में हुए बदलाव पर बीजेपी के वरिष्ठ नेता हितेश वाजपेयी का कहना है, ‘कांग्रेस के भीतर चल रही उपेक्षा से सिंधिया नाराज हैं। यह नए अध्याय की शुरुआत है। आगे देखिए और भी परते उघड़ेंगी।’ कांग्रेस प्रवक्ता अजय यादव का कहना है, ‘हमारे नेता सिंधिया को लेकर जो भ्रामक बातें फैलाई जा रही हैं, वह अत्यंत निंदनीय है।
सिंधिया ने अपने पहले के स्टेटस में पूर्व केंद्रीय मंत्री और पूर्व सांसद का जिक्र किया था, कहीं भी कांग्रेस पदाधिकारी का जिक्र नहीं था। अभी स्टेटस बदलकर जनसेवक और क्रिकेट प्रेमी लिखा है। जो एक सहज चलने वाली प्रक्रिया है। इसी तरह पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने स्टेटस में कॉमन मैन लिखा है।
कहीं भी बीजेपी नेता और पदाधिकारी का जिक्र नहीं है।’ सिंधिया के ट्विटर स्टेटस में हुए बदलाव ने राज्य की सियासत में हलचल पैदा कर दी है। सिंधिया की नाराजगी से हर कोई वाकिफ है। इसी के चलते बीच-बीच में यह खबरें आती रहती हैं कि वह बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं के संपर्क में हैं। इसी बीच ट्विटर स्टेटस में हुए बदलाव ने फिर नई बहस को जन्म दे दिया है।


Download Android App
Download iOS App



