राजस्थान में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर बीजेपी बूथ स्तर पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय कबड्डी प्रतियोगिताओं का आयोजन कर युवाओं को साथ जोडऩे की योजना बना रही है। बीजेपी हर ब्लॉक में कबड्डी की दो दो टीमें बनायेगी और यह मैच ब्लॉक, मंडल, जिला और प्रदेश स्तर पर होंगे।
बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता आनंद शर्मा के अनुसार प्रदेश में पार्टी के करीब इक्यावन हजार बूथ हैं, हर बूथ से कबड्डी की दो टीमें होंगी। इससे प्रदेश स्तर तक एक लाख से अधिक टीमें गठित होंगी। प्रवक्ता ने कहा कि जिला स्तर पर आने वाली दो टीमों के खिलाडियों को पार्टी की ओर से ड्रेस दी जायेगी। यह टुर्नामेंट जल्दी ही शुरू होगा और करीब डेढ़ महिने तक चलेगा।
प्रवक्ता के मुताबिक फाइनल मैच जयपुर में होगा। हालांकि इसकी तारीख तय नहीं है। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि पार्टी की सोच युवाओं को खेल से जोडऩा है। गौरतलब है कि बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने अपनी पिछली जयपुर यात्रा के दौरान प्रदेश इकाई को ब्लॉक स्तर पर पार्टी को मजबूत करने के निर्देश दिये थे।


Download Android App
Download iOS App



