राजस्थान के कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा स्वाइन फ्लू पॉजिटिव, SMS अस्पताल के ICU में भर्ती

Summary :

मानसून के दौरान मौसमी बीमारियों और स्वाइन फ्लू (H1N1) के बढ़ते मामलों ने देशभर में चिंता बढ़ा दी है, दिल्ली सरकार भी सतर्क है। इसी बीच, राजस्थान के कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा स्वाइन फ्लू से संक्रमित पाए गए हैं।

मानसून में मौसमी बीमारियों और स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों ने चिंता बढ़ा दी है। देशभर में इसके मामले लगातार बढ़ रहे हैं। राजस्थान सरकार के कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। जांच में स्वाइन फ्लू (H1N1) की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें इलाज के लिए जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल के मेडिकल आईसीयू में भर्ती कराया गया है। अस्पताल प्रशासन लगातार उनकी सेहत पर नजर बनाए हुए है और इलाज जारी है। वहीं, दिल्ली में भी स्वाइन फ्लू और मौसमी इन्फ्लूएंजा के बढ़ते मामलों को देखते हुए सरकार सतर्क हो गई है।

चिकित्सा मंत्री ने फोन कर जाना हालचाल

चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने मंगलवार को अधिकारियों के साथ बैठक कर स्वाइन फ्लू समेत अन्य बीमारियों की स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए। इसी बीच शाम को कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा के स्वाइन फ्लू (H1N1) पॉजिटिव होने की खबर सामने आई। इसके बाद खींवसर ने फोन पर हालचाल जाना और डॉक्टरों को तुरंत इलाज के निर्देश दिए। वहीं, पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर डॉ. मीणा के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

सवाई माधोपुर से विधायक हैं डॉ. किरोड़ी लाल

डॉ. किरोड़ी लाल मीणा राजस्थान की राजनीति के प्रमुख नेताओं में से एक हैं। वह सवाई माधोपुर से विधायक हैं और भजनलाल शर्मा सरकार में कृषि मंत्री हैं। उनके स्वाइन फ्लू पॉजिटिव पाए जाने और तबीयत बिगड़ने की खबर के बाद उनके समर्थकों और राजनीतिक क्षेत्र में चिंता बढ़ गई है।

राज्य में बढ़ते स्वाइन फ्लू के मामले

राजस्थान में इस साल स्वाइन फ्लू के मामलों में काफी तेजी आई है। अगस्त 2026 के शुरुआती 15 दिनों में राज्य में स्वाइन फ्लू के 129 मामले दर्ज किए जा चुके हैं, जबकि पिछले साल इसी दौरान सिर्फ 16 मामले ही सामने आए थे। यानी एक साल में ये आंकड़े लगभग आठ गुना बढ़ गए हैं। हालांकि, राहत की बात यह है कि अब तक स्वाइन फ्लू से किसी की मौत नहीं हुई है।

Bhawana Rawat

भावना रावत पिछले 2 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम की खबरें लिखने में रुचि है। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं।