राजस्थान के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य राज्यमंत्री डॉ। सुभाष गर्ग ने टीकाकरण से छूट रहे बच्चों को सम्बंधित टीके की खुराक देकर आज यहां मिशन इन्द्रधनुष-तीन जिलास्तरीय अभियान की शुरूआत की। डा गर्ग ने प्रात: 22 गोदाम स्थित बंगाली बस्ती में टीकाकरण का मिशन इन्द्रधनुष-तीन जिलास्तरीय अभियान के प्रथम चरण की शुरूआत की। इस अवसर पर उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की निरोगी राजस्थान की परिकल्पना को साकार करने के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिलाओं और बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य पर सरकार का ध्यान केन्द्रित है। इसी के अन्तर्गत प्रदेश में निरन्तर टीकारण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में टीकाकरण कार्यक्रम के तहत् सघन मिशन इन्द्रधनुष-तीन का प्रथम चरण 22 फरवरी से आगामी 15 दिनों तक संचालित रहेगा। उन्होंने बताया कि केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के निर्देशानुसार दो चरणों में यह अभियान 15-15 दिन संचालित किया जायेगा और नियमित टीकाकरण से छूट रहे एवं वंचित रह रहे बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को संबंधित टीके नि:शुल्क लगाये जायेंगे। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में प्रदेश के 24 जिलों को शामिल किया गया है एवं इन जिलों में तीन हजार 963 टीकाकरण सत्र आयोजित किये जायेंगे।
अभियान में जन्म से दो वर्ष की उम, के 23 हजार 980 बच्चों और 6 हजार 268 गर्भवती महिलाओं को संबंधित टीके लगाकर प्रतिरक्षित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। वैश्विक महामारी कोरोना के कारण गत महीनों में टीकाकरण कराने से वंचित रहे बच्चे एवं गर्भवती महिलाओं को भी इस अभियान के इन चरणों में आवश्यक टीके लगाये जायेंगे।


Download Android App
Download iOS App



