राजस्थान में समाप्त हुआ नाइट कर्फ्यू, खुल सकेंगे धार्मिक स्थल, जानें सरकार के नए दिशानिर्देश

Summary :

कोरोना वायरस संक्रमण के मद्देनजर लागू की गई पाबंदियों में ढील देते हुए रात्रिकालीन कर्फ्यू समाप्त करने का फैसला किया है।

देश में कोरोना संक्रमण के घटते मामलों के साथ एक बार फिर पाबंदियों में ढील देने का सिलसिला शुरू हो गया है। इसी कड़ी में राजस्थान सरकार ने अपनी तरफ से शुरूआत कर दी है। प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण के मद्देनजर लागू की गई पाबंदियों में ढील देते हुए रात्रिकालीन कर्फ्यू समाप्त करने का फैसला किया है। इसके अलावा राज्य में धार्मिक स्थल अब अपने समयानुसार खुल सकेंगे, जबकि वैवाहिक आयोजनों में 250 लोग शामिल हो सकेंगे। 
समारोह में अब अधिकतम 250 लोग हो सकेंगे शामिल 

राजस्थान के गृह विभाग ने महामारी के मद्देनजर जारी दिशानिर्देशों को संशोधित करते हुए यह ढील दी है। ये आदेश शनिवार से प्रभावी होंगे। इसके तहत राज्य में किसी भी प्रकार के सार्वजनिक, सामाजिक, राजनैतिक, खेलकूद संबंधी, शिक्षण, सांस्कृतिक व धार्मिक समारोह में अब अधिकतम 250 व्यक्तियों के शामिल होने की अनुमति होगी। पहले यह संख्या 100 थी। विवाह समारोह में भी अब इतनी ही संख्या में लोग शामिल हो सकते हैं। 
नाईट कर्फ्यू समाप्त, खुल सकेंगे धार्मिक स्थल  
प्रतिदिन रात्रि 11 बजे से प्रात: 5 बजे तक लगाया गया कर्फ्यू समाप्त कर दिया गया है। इसमें कहा गया है कि राज्य में सभी धार्मिक स्थलों को खोला जा सकेगा। इस दौरान फूल माला, प्रसाद, चादर व अन्य पूजा सामग्री ले जाने की अनुमति होगी। उल्लेखनीय है कि राजस्थान में बृहस्पतिवार को संक्रमण के 8073 नये मामले सामने आये, जबकि संक्रमण से 22 मरीजों मौत हो गई। राज्य में 59,513 मरीज उपचाराधीन हैं।

Desk Team