जयपुर : कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज स्पष्ट किया कि आगामी विधानसभा चुनावों में किसी बाहरी (पैराशूट) प्रत्याशी को टिकट नहीं मिलेगा और इस मामले में पार्टी कार्यकर्ताओं की बात सुनी जाएगी। स्थानीय रामलीला मैदान में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा, ‘‘कार्यकर्ता जमीन पर मेहनत करते हैं । खून पसीना बहाते हैं लेकिन ऐनवक्त पर पैराशूट से आए प्रत्याशी टिकट ले जाते हैं ।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इस बार मैं आपको गारंटी देता हूं कि पैराशूट वाला एक भी प्रत्याशी टिकट नहीं ले पाएगा। ऐसे प्रत्याशियों के पैराशूट की डोर काट दी जाएगी और वे 20000 फुट से जमीन पर गिरेंगे।’’
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं को जगह मिलेगी जो पार्टी कार्यकर्ता जिसे चाहेगा उसे ही टिकट मिलेगी और वही विधानसभा जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘चुनाव के बाद जो सरकार बनेगी वह कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं की बनेगी। उस सरकार में पार्टी कार्यकर्ताओं की सुनवाई होगी।’’ उल्लेखनीय है कि राज्य में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं। राहुल के इस कार्यक्रम के साथ ही कांग्रेस ने अपने चुनाव अभियान का शंखनाद कर दिया है।


Download Android App
Download iOS App



