राजस्थान भाजपा अध्यक्ष सतीश पूनियां ने मंगलवार को कहा कि राजधानी जयपुर सहित तीन शहरों के छह नगर निगमों के चुनाव में जनता ने कांग्रेस के कुशासन को नकार दिया है और उसके जनादेश के पतन की शुरुआत हो गयी है उल्लेखनीय है कि जयपुर, जोधपुर व कोटा के छह नगर निगमों के लिए हुए मतदान के परिणाम मंगलवार को घोषित हुए। इनमें दो में कांग्रेस व दो में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिला है जबकि बाकी दो में बाजी निर्दलीय पार्षदों के हाथ में रहेगी।
परिणाम पर प्रतिक्रिया जताते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने एक बयान में राज्य की कांग्रेस सरकार द्वारा वार्डों के परीसीमन से शुरू की गई मतदान की धांधलियों के बावजूद जनWता ने कांग्रेस के कुशासन को नकार दिया है। उन्होंने कहा कि परिणाम कांग्रेस के पक्ष में नहीं गया, स्पष्ट है कि कांग्रेस सरकार के जनादेश के पतन की शुरूआत हो गई है, जिसकी परिणिति पंचायतीराज चुनाव में हो जायेगी।
पूनियां ने कहा कि राजस्थान में सामान्य तौर पर यह होता आया है कि जिसकी सत्ता होती है, जनता स्थानीय निकाय एवं पंचायतीराज चुनाव में उसी को बहुमत देती है, लेकिन यहां तो उलटा हो रहा है। कांग्रेस महज दो ही निगम में बहुमत जुटा पाई।
उन्होंने कहा, ‘‘नगर निगम के चुनाव के परिणाम कांग्रेस के लिए खुश होने की वजह नहीं और भाजपा के लिए मायूस होने का कारण नहीं है। जयपुर, कोटा और जोधपुर में कांग्रेस अपने तथाकथित वोट बैंक के क्षेत्रों में भी नहीं जीत पाई, जहां बड़ी संख्या में निर्दलीय जीते हैं। नगर निगम परिणामों से कांग्रेस का झूठ-पाखण्ड और कुशासन सामने आया, इस पर जनता ने मुहर लगाई है।’’


Download Android App
Download iOS App



