PM Modi Rajasthan Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 फरवरी को राजस्थान के अजमेर का दौरा करेंगे। यह दौरा विकास परियोजनाओं के शिलान्यास-उद्घाटन, स्वास्थ्य अभियान के शुभारंभ और युवाओं को रोजगार सृजन की दिशा में महत्वपूर्ण कदमों से भरा रहेगा। पीएम मोदी के इस दौरे को लेकर राजस्थान में भारी उत्साह है। दरअसल, पीएम मोदी शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे अजमेर पहुंचेंगे, जहां वे 16,680 करोड़ रुपए से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शुभारंभ, उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इस अवसर पर वे एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

महिलाओं की स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर अहम कदम
प्रधानमंत्री सबसे पहले निवारक स्वास्थ्य देखभाल को मजबूत करने के लिए 14 वर्ष की आयु की लड़कियों के लिए ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण का राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू करेंगे। यह अभियान सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम पर केंद्रित है, जो महिलाओं में कैंसर का प्रमुख कारण है। इस पहल से देश भर में लाखों लड़कियों और महिलाओं के दीर्घकालिक स्वास्थ्य की रक्षा होगी। यह कदम महिलाओं के कल्याण और स्वास्थ्य सुरक्षा में मील का पत्थर साबित होगा।

PM Modi Rajasthan Visit: राज्य की सुविधाओं पर विशेष जोर
विकास परियोजनाओं में शहरी विकास, पेयजल आपूर्ति, सड़कें, सिंचाई, ऊर्जा और औद्योगिक अवसंरचना जैसे प्रमुख क्षेत्र शामिल हैं। सड़क संपर्क को मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री कई राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इनमें बांदीकुई-जयपुर 4-लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे, अमृतसर-जामनगर आर्थिक कॉरिडोर के पैकेज-7 में 6-लेन एक्सेस कंट्रोल्ड ग्रीन हाईवे और दिल्ली-वडोदरा एक्सेस कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के पैकेज-14 में 8-लेन कैरिजवे शामिल हैं। इसके अलावा जोधपुर में 4-लेन एलिवेटेड रोड और बारां जिले में मालबमोरी-मंगरोल-बारां राज्य राजमार्ग की आधारशिला रखी जाएगी।
PM Modi Rajasthan Visit: 21,800 से ज्यादा युवाओं को नियुक्ति पत्र बाटेंगे पीएम मोदी
पेयजल संकट से निपटने के लिए नोनेरा प्रमुख पेयजल परियोजना के चार पैकेज और परवान अकावाद प्रमुख पेयजल परियोजना के पांच पैकेजों की आधारशिला रखी जाएगी। नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री राजस्थान के रिन्यूएबल एनर्जी जोन्स (आरईजेड) से बिजली निकासी हेतु ट्रांसमिशन सिस्टम का उद्घाटन करेंगे।

वे पांच 220 केवी और दो 400 केवी ग्रिड सबस्टेशनों के साथ संबंधित ट्रांसमिशन लाइनों की आधारशिला रखेंगे। रोजगार सृजन और युवा सशक्तिकरण के प्रति प्रतिबद्धता दिखाते हुए प्रधानमंत्री राजस्थान के विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में नव नियुक्त 21,800 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे।


Download Android App
Download iOS App




