जयपुर : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार को कहा कि प्रियंका गांधी वाड्रा के सक्रिय राजनीति में आने से कांग्रेस पार्टी को और मजबूती मिलेगी। यहां विधानसभा के बाहर संवाददाताओं से बातचीत में गहलोत ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का मोदी सरकार के ‘कुशासन’ का अंत करने का एजेंडा भी इससे मजबूत होगा।
उन्होंने कहा, ‘‘प्रियंका गांधी वाड्रा राजनीति में कब आएंगी, इसको लेकर लंबे अर्से से, 15-20 साल से मीडिया, आम लोगों व कार्यकर्ताओं में चर्चा होती रही है। आखिरकार, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने इसकी घोषणा कर दी है और उन्हें नियुक्त भी कर दिया है।’ गहलोत ने कहा, ‘‘मैं समझता हूं कि उनके आने से कांग्रेस को और बल मिलेगा। नरेंद्र मोदी के कुशासन का अंत करने व फासीवादी ताकतों को घर भेजने के लिए राहुल गांधी का जो एजेंडा है, जो सोच है, इससे उसे बल मिलेगा।’
प्रियंका गांधी को बनाया कांग्रेस महासचिव, पूर्वांचल का दिया प्रभार
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए अपनी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा को पार्टी महासचिव नियुक्त करते हुए उन्हें उत्तर प्रदेश-पूर्व का प्रभार सौंपा। पार्टी की ओर से जारी बयान के मुताबिक, ज्योतिरादित्य सिंधिया को इसके साथ ही महासचिव-प्रभारी (उत्तर प्रदेश-पश्चिम) बनाया गया है।
प्रियंका फरवरी के पहले सप्ताह में कार्यभार संभालेंगी। पार्टी के वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल को संगठन महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है जो पहले की तरह कर्नाटक के प्रभारी की भूमिका निभाते रहेंगे। संगठन महासचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे अशोक गहलोत के राजस्थान का मुख्यमंत्री बनने के बाद वेणुगोपाल की नियुक्ति की गई है। उत्तर प्रदेश के लिए प्रभारी-महासचिव की भूमिका निभा रहे गुलाम नबी आजाद को अब हरियाणा की जिम्मेदारी दी गयी है।


Download Android App
Download iOS App



