गहलोत के शपथ ग्रहण समारोह में राहुल, मनमोहन सहित कई दिग्गज होंगे शामिल

Summary :

मुख्य सचिव ने बताया कि सोमवार हो होने वाले शपथ ग्रहण समारोह के लिये अधिकारियों को जिम्मेवारी दे दी गई है जिसके अनुसार सभी अपने-अपने काम में जुट गये हैं।

जयपुर के अल्बर्ट हॉल में सोमवार को कांग्रेस विधायक दल के नेता अशोक गहलोत और प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट की ताजपोशी समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, एच डी देवेगौड़ा सहित कई दिग्गज नेता शामिल होंगे।

कांग्रेस विधायक दल के नेता अशोक गहलोत ने अल्बर्ट हाल में आयोजित होने वाले भव्य शपथ ग्रहण समारोह का जायजा लेने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, एच डी देवेगौड़ा, मल्लिकार्जुन खड़गे, शरद यादव, फारूख अब्दुल्ला, चंद्रबाबू नायडू, समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस, सीपीआई,सीपीएम, डीएमके, आम आदमी पार्टी, सहित विपक्ष के शीर्ष नेता शामिल होंगे।

ashok gehlot

मुख्य सचिव डी बी गुप्ता ने बताया कि सोमवार हो होने वाले शपथ ग्रहण समारोह के लिये अधिकारियों को जिम्मेवारी दे दी गई है जिसके अनुसार सभी अधिकारी अपने-अपने काम में जुट गये हैं। शपथ ग्रहण समारोह स्थल पर सुरक्षा के कडे़ बंदोबस्त किये गये हैं। वहीं पुलिस के आला अधिकारियों ने समारोह स्थल पर सुरक्षा, समुचित यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।

कांग्रेस के राज्य प्रभारी अविनाश पांडे ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह में समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस, भाकपा, माकपा, द्रमुक, आम आदमी पार्टी सहित विपक्ष के शीर्ष नेताओं को आमंत्रित किया गया है।

उल्लेखनीय है कि शपथ ग्रहण समारोह आमतौर पर परंपरा के अनुसार, राजभवन में आयोजित किया जाता रहा है, लेकिन 2013 में वसुधरा राजे ने जनपथ में शपथ ग्रहण आयोजन किया था। गहलोत और पायलट के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन अल्बर्ट हाल में किया जा रहा है।

Desk Team