राहुल आज राजस्थान में चुनावी ‌‌‌बिगुल फूंकेंगे, रोड शो और जनता को संबो‌धित करेंगे

Summary :

NULL

नई दिल्ली : राजस्थान में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर आज से कांग्रेस चुनाव प्रचार का बिगुल फूंकेंगे। जिसके तहत कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी जयपुर पहुंच कर चुनाव प्रचार की शुरूआत करने जा रहे हैं। वह रोड शो के जरिए चुनाव प्रचार अभियान की औपचारिक शुरुआत करेंगे। वह आज जयपुर में एक खुली बस में क़रीब 13 किलोमीटर का रोड शो करेंगे। क़रीब तीन घंटे के रोड शो के बाद राहुल यहां के रामलीला मैदान में जनसभा को भी संबोधित करेंगे। रैली से पहले कार्यकर्ताओं को कहा गया है कि जब वो रोड शो में बाइक पर साथ चल रहे हों तो हेलमेट ज़रूर पहनें। अपने जयपुर दौरे के दौरान राहुल यहां के गोविंद देव जी के मंदिर भी जाएंगे बताया जा रहा है कि राहुल गांधी दोपहर 12 बजे दिल्ली एयरपोर्ट से रवाना होंगे और 12.55 बजे जयपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। दोपहर 1.25 बजे एयरपोर्ट से रोड शो की शुरुआत होगी। इसके बाद शाम 4.30 बजे रामलीला मैदान पहुंचकर सभा को संबोधित करेंगे। शाम 6 बजे दिल्ली लौटेंगे।

आपको बता दें कि राहुल गांधी परसों तेलंगाना भी जा रहे हैं। वह दो दिन के दौरे पर रहेंगे। इस दौरे के दौरान वह उस्मानिया विवि भी जाने वाले थे, लेकिन विश्वविद्यालय ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए राहुल गांधी की छात्रों के साथ प्रस्तावित बैठक को इजाजत देने से मना कर दिया है। विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार सी गोपाल रेड्डी ने बताया कि उन्होंने इस बैठक को अनुमति देने से इसलिए मना कर दिया क्योंकि उनके पास कांग्रेस अध्यक्ष को सुरक्षा मुहैया कराने का कोई तंत्र नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर स्थानीय पुलिस या कोई अन्य सरकारी एजेंसी जैसे कि एसपीजी राहुल गांधी की सुरक्षा को लेकर विश्वविद्यालय को आश्वस्त करे तो वे अपने फैसले की समीक्षा कर सकते हैं।

बीजेपी भ्रामक बयानबाजी कर रही है- सचिन पायलट

पायलट ने कहा कि राहुल गांधी बीजेपी  के गढ़ माने जाने वाले स्थान से कांग्रेस पार्टी के चुनावी अभियान की शुरूआत करेंगे। उन्होंने कहा, ‘बीजेपी हमेशा दावा करती है कि जयपुर ऐसा शहर रहा है जहां पार्टी मजबूत रही है.अब हम इस दावे को झूठा साबित कर देंगे। बीजेपी पहले से ही बेचैन है और इसी के चलते आरोप और भ्रामक बयानबाजी कर रही है, जो उनकी चिंता को दर्शाता है।’ उन्होंने कहा कि हर जिले के पार्टी प्रतिनिधि रामलीला मैदान में राहुल गांधी की बैठक में भाग लेंगे।’

वसुंधरा राजे की ‘राजस्थान गौरव यात्रा’ पर टिप्पणी करते हुए पायलट ने कहा कि राजे ने अपनी यात्रा कांग्रेस के ‘मेरा बूथ मेरा गौरव’ कार्यक्रम के बाद शुरू की है। कांग्रेस ने ‘मेरा बूथ मेरा गौरव’ कार्यक्रम के तहत प्रदेश के 200 विधानसभा क्षेत्रों में से 195 विधानसभा क्षेत्रों के बूथ स्तर तक कवर किया है।

बता दें किराहुल गांधी का जयपुर के सांगानेर हवाई अड्डे पर पार्टी नेता स्वागत करेंगे। इसके बाद वो हवाई अड्डे से रामलीला मैदान तक विशेष बस में जाएंगे। राज्य में इस साल के आखिर में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राहुल गांधी आगामी दिनों में कई रैलियों को संबोधित करेंगे।

Desk Team