राजस्थान: पोकरण में 975 मेगावाट सोलर पार्क का शुभारंभ, प्रल्हाद जोशी ने की शुरुआत

Summary :

राजस्थान में देश का सबसे बड़ा सोलर पार्क का उद्घाटन

केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने राजस्थान के पोकरण में गुरुवार को 975 मेगावाट क्षमता वाले विशाल सोलर पार्क का उद्घाटन किया। यह सोलर पार्क देश में एक ही स्थान पर स्थापित सबसे बड़े नवीकरणीय ऊर्जा संयंत्रों में से एक है। केंद्रीय मंत्री ने वहां कार्यरत कर्मचारियों से मुलाकात की और संयंत्र के संचालन, तकनीकी पहलुओं और भविष्य की योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी ली। उद्घाटन के बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने इस परियोजना को ‘मेक इन इंडिया’ पहल का एक शानदार उदाहरण बताया और कहा कि इस संयंत्र से उत्पन्न होने वाली पूरी ऊर्जा राजस्थान के विकास और ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में उपयोग होगी।

राजस्थान के CM भजनलाल शर्मा ने श्रीगंगानगर में महाराजा गंगा सिंह की प्रतिमा का अनावरण

प्रल्हाद जोशी ने कहा, “975 मेगावाट का यह सोलर पार्क नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में देश की बढ़ती ताकत का प्रतीक है। यह देश का पहला ऐसा सोलर प्लांट है जो एक ही स्थान पर इतनी बड़ी क्षमता के साथ स्थापित किया गया है। यह न केवल स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन और आर्थिक विकास में भी योगदान देगी। यह परियोजना राजस्थान और केंद्र सरकार के बीच बेहतर तालमेल का परिणाम है। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि गहलोत सरकार ने सोलर ऊर्जा और कोयला आपूर्ति जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर केंद्र के साथ सहयोग करने में कभी रुचि नहीं दिखाई।

जोशी ने कहा, “हमने कई बार गहलोत सरकार से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने कोई पहल नहीं की। इसके विपरीत, वर्तमान भजनलाल शर्मा सरकार हर दो-तीन महीने में केंद्र के साथ चर्चा करती है और राजस्थान के हित में ठोस योजनाएं लेकर आती है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान का भी जिक्र किया जिसमें उन्होंने सभी राज्य सरकारों को सहयोग देने की बात कही थी। जोशी ने गहलोत पर तंज कसते हुए कहा कि उन्होंने इस दिशा में कभी प्रयास ही नहीं किया।

केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस नेताओं राहुल गांधी और सोनिया गांधी के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग मामले में चार्जशीट दाखिल होने के मुद्दे पर भी बयान दिया। उन्होंने कहा, “चार्जशीट दाखिल करना एक कानूनी प्रक्रिया का हिस्सा है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के पास मनी लॉन्ड्रिंग के पुख्ता सबूत हैं, जिसके आधार पर कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की गई है। अब इस मामले में अंतिम फैसला कोर्ट करेगा। कांग्रेस पार्टी जो विरोध-प्रदर्शन कर रही है, वह केवल राजनीतिक नाटक है, हमें उम्मीद है कि कानून अपना काम करेगा।”

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.