राजस्थान विधानसभा में ‘असंसदीय’ आचरण के चलते बीजेपी विधायक मदन दिलावर को मंगलवार को सदन की कार्यवाही से निलंबित किया गया था। लेकिन विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया के आश्वासन के बाद दिलावर का निलंबन बुधवार को रद्द कर दिया गया।
शून्यकाल में नेता प्रतिपक्ष कटारिया ने कहा,’‘ मैंने व्यक्तिगत रूप से विधायक दिलावर से बात की। इस तरह का व्यवहार अपने जैसे सदस्यों को उचित नहीं दिखता। भविष्य में इस प्रकार की घटना नहीं हो इसके लिए मैंने उन्हें आगाह किया है।” उन्होंने सदन को अनुशासनबद्ध व नियमानुसार चलाने के लिए भाजपा विधायक दल की ओर से सहयोग का आश्वासन दिया।
इसके बाद संसदीय कार्य मंत्री शांति धारीवाल के प्रस्ताव पर विधायक दिलावर का निलंबन रद्द कर दिया गया। उल्लेखनीय है मंगलवार को जब सदन में निर्दलीय विधायक संयम लोढ़ा शिक्षा, कला और संस्कृति के लिए अनुदान मांगों पर बोल रहे थे तो दिलावर ने उन्हें बाधित किया और उनके पास जाकर नारेबाजी करने लगे।
विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी ने दिलावर को आगाह किया, लेकिन उन्होंने अध्यक्ष के निर्देश का पालन नहीं किया। इस पर संसदीय कार्य मंत्री धारीवाल के प्रस्ताव पर दिलावर को सात दिन के लिए सदन की कार्यवाही से निलंबित कर किया गया।


Download Android App
Download iOS App



