राजस्थान : BJP सांसद द्वारा राहुल को ‘पप्पू’ कहने पर भड़की कांग्रेस महिला पार्षद

Summary :

कांग्रेस महिला पार्षद ने कहा, जिस तरह से पीएम मोदी हम सबके लिए सम्माननीय हैं, वैसे ही राहुल गांधी भी सम्माननीय हैं और सम्माननीय रहेंगे।

राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार कर रहे बीजेपी सांसद को कांग्रेस महिला पार्षद ने राहुल गांधी को ‘पप्पू’ कहे जाने को लेकर जमकर लताड़ा। जिसके बाद बीजेपी सांसद को वहां से जाना पड़ा। दरअसल, गुजरात के सुरेंद्रनगर से बीजेपी सांसद देवजी भाई राजस्थान के बांसवाड़ा के भागाकोट इलाके में अपनी पार्टी के प्रत्याशी के चुनाव प्रचार के लिए आए थे। जब वो बांसवाड़ा सीट से बीजेपी प्रत्याशी हकरू मईड़ा के पक्ष में चुनाव प्रचार करने वार्ड नंबर 36 पहुंचे और वहीं पर एक मीटिंग करने लगे, तभी वार्ड की पार्षद सीता डामोर वहां आ धमकी।

डामोर कहने लगीं कि यहां पर पांच साल से बीजेपी का शासन है। सड़क पर हर जगह गड्ढे हैं। कम से कम यहां की सड़कों के गड्ढे तो भरवा दो। इसके बाद बीजेपी सांसद देवजी भाई ने पूछा कि आखिर यह महिला कौन है, तो उनके बगल में बैठे लोगों ने कहा कि ये भी कांग्रेसी पार्षद हैं। इस पर सांसद महोदय ने तपाक से कह दिया कि आप अपने पप्पू को बुला लो, वही गड्ढा भर देगा।

इतना कहते ही कांग्रेसी पार्षद सीता डामोर बीजेपी सांसद देवजी भाई पर टूट पड़ीं। डामोर ने सांसद से कहा कि आखिर तुमने पप्पू कैसे कह दिया। हालांकि इस घटना का वीडियो भी वायरल हुआ है। कांग्रेस महिला पार्षद ने कहा, जिस तरह से पीएम मोदी हम सबके लिए सम्माननीय हैं, वैसे ही राहुल गांधी भी सम्माननीय हैं और सम्माननीय रहेंगे।

ममता बनर्जी बोली – भाजपा मध्य प्रदेश और राजस्थान विधानसभा चुनाव में हारेगी

महिला पार्षद सीता दामोर ने बताया, ‘उन्होंने (बीजेपी सांसद) ने कहा, पप्पू को बुलाओ, पप्पू गड्ढे भरेगा। यह गलत है। इसीलिए मैंने आपत्ति जताई। वह हमारे राहुल गांधी को पप्पू कैसे बोल सकते हैं।’ हालांकि इस दौरान मौके पर मौजूद बीजेपी के समर्थक पीएम नरेंद्र मोदी के समर्थन में नारे लगाते रहे।

Desk Team