राजस्थान कांग्रेस के अध्यक्ष सचिन पायलट ने सोमवार को कहा कि पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी ने उनपर भरोसा जताया है और वह इस पर खरा उतरेंगे और टोंक की सीट आसानी से जीतेंगे। सचिन पायलट ने टोंक विधानसभा से पर्चा दाखिल करने से पहले कहा कि यह महत्वपूर्ण चुनाव है और कांग्रेस पार्टी उम्दा प्रदर्शन करेगी।
उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि टोंक ही नहीं राजस्थान से उनका काफी पुराना नाता है और कार्यकर्ताओं का उनके साथ आशीर्वाद बना हुआ है। कार्यकर्ताओं के आशीर्वाद से कांग्रेस राज्य की सत्ता हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता उन्हें मौका देगी तो वह उस पर खरे उतरेंगे और इलाके का विकास करेंगे। टोंक सीट पर उनकी आसान जीत होगी।
राजस्थान में विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन के आखिरी दिन सोमवार सुबह भाजपा ने अपने प्रत्याशियों की पांचवीं सूची जारी की जिसमें परिवहन मंत्री यूनुस खान को टोंक से सचिन पायलट के खिलाफ मैदान में उतारा गया है। टोंक से यूनुस खान के मैदान में उतारने से यहां का चुनाव रोचक हो गया है।
राजस्थान चुनाव : सचिन पायलट के सामने लड़ेंगे भाजपा के यूनुस खान
टोंक विधानसभा मुस्लिम और गुर्जर बहुल क्षेत्र हैऔर कांग्रेस इस सीट पर मुस्लिम उम्मीदवार को चुनाव लड़ती ती। उसने पहली बार इस सीट पर सचिन पायलट के रूप में गैर मुस्लिम उम्मीदवार उतारा है। माना जा रहा है कि खान के मैदान में उतरने से सचिन पायलट के लिए यह सीट आसान नहीं होने वाली।
सचिन 2004 में दौसा और इसके बाद 2009 में अजमेर से सांसद चुने गए। वर्ष 2014 में वह भाजपा के सांवरलाल जाट से हार गए थे। गौरतलब है कि राज्य में सात दिसंबर को मतदान है और 11 दिसंबर को मतगणना होगी।


Download Android App
Download iOS App





