राजस्थान : स्वास्थ्य मंत्री बोले- राज्य में लगातार आ रही है संक्रमण की दर में गिरावट

Summary :

डॉ. शर्मा ने बताया कि जांच के आंकड़ों के अनुसार कोई दिन ऐसा नहीं बीता होगा जब 3500 से 5000 सैंपल प्रतिदिन नहीं लिए गए हों। प्रतिदिन का आंकड़ा एकत्रित कर भारत सरकार को भेजा जाता है।

राजस्थान के चिकित्सा व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. रघु शर्मा के द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई के दौरान इस महामारी को हराने के प्रयास में राज्य में अब तक 87 हजार से ज्यादा सैंपल लिए जा चुके हैं और राज्य में कोविड-19 संक्रमण के प्रतिशत में लगातार गिरावट नजर आ रही है।  
डॉ. शर्मा ने कहा,’ कोरोना को हराने के लिए प्रदेश में अब तक 87 हजार से ज्यादा सैंपल लिए जा चुके हैं। देश में किसी भी राज्य ने अभी तक इतने सैंपल नहीं लिए हैं। यही वजह है कि प्रदेश में संक्रमण के प्रतिशत में गिरावट देखी जा रही है।’
डॉ. शर्मा ने बताया कि जांच के आंकड़ों के अनुसार कोई दिन ऐसा नहीं बीता होगा जब 3500 से 5000 सैंपल प्रतिदिन नहीं लिए गए हों। प्रतिदिन का आंकड़ा एकत्रित कर भारत सरकार को भेजा जाता है। प्रदेश में पर्याप्त नमूने लिये जा रहे हैं यही वजह है कि मरीजों के दोगुने होने का समय 12 दिन हो गया जो पहले 8 दिन था। वहीं राजस्थान के अलावा कई राज्यों में हालात बिगड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में मुख्यंमत्री अशोक गहलोत के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने बताया कि प्रदेश में जांचों की सुविधा में बढ़ोतरी लगातार की जा रही है।

Desk Team