राहुल गांधी बुधवार को बांसवाड़ा जिले के मानगढ़ धाम में सार्वजनिक रैली को संबोधित करेंगे। लोकसभा की सदस्यता बहाल होने के बाद यह उनकी पहली जनसभा होगी। रैली का आयोजन विश्व आदिवासी दिवस के उपलक्ष्य में किया जाएगा और इस सार्वजनिक रैली के साथ साल के अंत में होने वाले राजस्थान विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी के अभियान की शुरुआत करेंगे।
राहुल की रैली में उमड़ेगा जनसैलाब
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अधिक से अधिक लोगों से रैली में शामिल होने की अपील की है। गहलोत ने मंगलवार ट्वीट कर कहा, कल नौ अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस के मौके पर राहुल गांधी मानगढ़ धाम में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। मेरा आप सभी से निवेदन है कि अधिक से अधिक संख्या में राहुल जी के स्वागत के लिए मानगढ़ धाम पधारें। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव स्वर्णिम चतुर्वेदी ने मंगलवार को बताया कि रैली की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
मानगढ़ धाम ने कैसे बनाया इतिहास में अपना नाम जानिए पूरी कहानी
राजस्थान-गुजरात सीमा पर बांसवाड़ा जिले में स्थित मानगढ़ धाम एक ऐतिहासिक स्थान है जहां 1913 में अंग्रेजों की गोलीबारी में गोविंद गुरु के नेतृत्व में प्रदर्शन कर रहे सैकड़ों आदिवासी लोग मारे गए थे। चतुर्वेदी ने बताया कि गांधी विमान से उदयपुर पहुंचेंगे और वहां से हेलीकॉप्टर से बांसवाड़ा के मानगढ़ धाम पहुंचेंगे। यह स्थान मध्य प्रदेश के भी करीब है, जहां इस साल के अंत में राजस्थान के साथ विधानसभा चुनाव होंगे। राजस्थान कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, मंत्री महेंद्रजीत सिंह मालवीय और अन्य नेता व्यवस्था देखने के लिए पहले से ही बांसवाड़ा में हैं। मानगढ़ धाम आदिवासियों के लिए एक महत्वपूर्ण स्थान है।


Download Android App
Download iOS App



