राजस्थान के सीकर जिले के धोद कस्बे में अपहृत नवविवाहिता को खोजने की मांग को लेकर राजपूत समुदाय के कुछ लोगों का आंदोलन शनिवार को यहां तीसरे दिन भी जारी रहा। पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी की तलाश जारी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेंद्र कुमार शर्मा ने कहा, ‘‘नवविवाहिता के अपहरण में शामिल लोगों की गिरफ्तारी को लेकर कुछ लोग अब भी आंदोलन पर हैं। दुल्हन और मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।
एहतियात के तौर पर कस्बे में इंटरनेट सेवा आज शाम छह बजे तक बंद कर दी है।’’ उल्लेखनीय है कि यह घटना बुधवार की है जब फेरों के बाद ससुराल जा रही दुल्हन को कुछ हथियारबंद लोगों ने बंदूक की नोक पर सरेआम अगवा कर लिया। इसे लेकर दुल्हन के परिजन व राजपूत समाज के लोग आंदोलन पर हैं।
पुलिस का कहना है कि इस मामले में पांच लोगों को पकड़ा गया है जबकि मुख्य आरोपी अंकित सेवड़ा व दुल्हन हंसा की तलाश की जा रही है। हंसा व उसकी बड़ी बहन सोनू कंवर की शादी मंगलवार को हुई थी। दोनों के दूल्हे भी भाई हैं। जब वे फेरों के बाद नगवा गांव से एक एसयूवी में लौट रहे थे तो आरोपियों ने बीच राह में उन पर कथित रूप से हमला बोल दिया और दुल्हन हंसा को लेकर चले गए।


Download Android App
Download iOS App



