Rajya Sabha Election News : CM गहलोत ने किया दावा- हमारे विधायक एकजुट, जीतेंगे तीनों सीटें

Summary :

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार को दावा किया कि कांग्रेस व उसके सभी समर्थक विधायक एकजुट हैं और राज्यसभा चुनाव में पार्टी के तीनों उम्मीदवार जीतेंगे।

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार को दावा किया कि कांग्रेस व उसके सभी समर्थक विधायक एकजुट हैं और राज्यसभा चुनाव में पार्टी के तीनों उम्मीदवार जीतेंगे। सीएम गहलोत ने उदयपुर में संवाददाताओं से कहा, हम तीनों सीटें जीतेंगे, हमारे विधायक एकजुट हैं। बता दें कि, राजस्थान से राज्यसभा की चार सीटों के लिए 10 जून को चुनाव होना है। कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव के लिए मुकुल वासनिक, रणदीप सुरजेवाला, और प्रमोद तिवारी को उतारा है जबकि भाजपा ने पूर्व मंत्री घनश्याम तिवाड़ी को उम्मीदवार बनाया है। भाजपा व राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी आरएलपी ने मीडिया कारोबारी और निर्दलीय उम्मीदवार सुभाष चंद्रा को समर्थन दिया है।
भाजपा पर भी साधा निशाना
मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा, हमारे पास शुरू से ही तीनों सीटों के लिए 126 विधायकों का समर्थन हैं। भाजपा द्वारा निर्दलीय उम्मीदवार चंद्रा का समर्थन किए जाने पर सवाल उठाते हुए सीएम ने कहा, भाजपा समर्थित उम्मीदवार जो बनाए गए हैं उनको सोचना चाहिए था कि जब उनके पास संख्या बल नहीं है तब क्यों उन्होंने यह दावेदारी की। इसके मायने हैं कि ‘हॉर्स ट्रेडिंग’ (खरीद-फरोख्त) करने की मंशा शुरू से ही रही है और इसलिए उन्होंने दूसरा उम्मीदवार खड़ा किया जबकि उनके पास इसके लिए बहुमत नहीं है।

हमारे तमाम लोग एकजुट रहे, वे हॉर्स ट्रेडिंग में फेल रहे हैं
सीएम ने कहा, हम तीनों सीटें जीतेंगे हमारे विधायक एकजुट हैं। हमें इस बात का गर्व है कि पहले भी जब राजनीतिक संकट आया था तब विधायक एकजुट रहे थे जबकि उन्हें कितना लोभ लालच दिया गया था। भाजपा द्वारा राज्य में विधायकों की कथित खरीद-फरोख्त की आशंका जताते हुए प्रवर्तन निदेशालय व भारतीय निर्वाचन आयोग को पत्र लिखे जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा, परसों चुनाव है और ये अब पत्र लिख रहे हैं… दरअसल उनका षड्यंत्र जो था वह कामयाब नहीं हुआ। हमारे तमाम लोग एकजुट रहे, वे हॉर्स ट्रेडिंग में फेल रहे हैं, इसलिए बौखलाए हुए हैं।

Desk Team