राजस्थान में भीषण गर्मी, जोधपुर में लू का अलर्ट

Summary :

जोधपुर में तापमान 45 डिग्री के पार, सावधानी बरतें

राजस्थान में गर्मी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। जोधपुर में तापमान 44-45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है और लू की चेतावनी जारी की गई है। जिलाधिकारी गौरव अग्रवाल ने लोगों से धूप में अनावश्यक बाहर न निकलने की अपील की है। उन्होंने कहा कि हीट वेव से बचने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।

गर्मी का प्रकोप देश में लगातार बढ़ रहा है। राजस्थान का जोधपुर में पारा लगातार 44-45 डिग्री सेल्सियस के पास रह रहा है। अगले एक सप्ताह में लू की भी चेतावनी जारी की गई है। जिलाधिकारी गौरव अग्रवाल ने जिले के लोगों से धूप में अनावश्यक न निकलने का आग्रह किया है। गौरव अग्रवाल ने प्रेस वार्ता में कहा, “इस बार मौसम विभाग की तरफ से हीट वेव की चेतावनी है। ऐसे में जिला प्रशासन की तरफ से एडवाइजरी जारी की गई है जिसके मुताबिक, दोपहर के समय में, जब धूप बहुत ज्यादा होती है, बाहर निकलने से बचें। अगर बहुत ज्यादा जरूरी हो तो खाली पेट न निकलें। जिलाधिकारी ने कहा, “हीट वेव से पीड़ित लोगों के इलाज के लिए जिले के सभी अस्पतालों में विशेष व्यवस्था करवाई गई है। विशेष वार्ड का निर्माण कराया गया है। इसके बावजूद मैं सभी से यह कहना चाहूंगा कि धूप में अनावश्यक घर से बाहर निकलने से बचें।”

राजस्थान के परिक्षेत्र में जातिगत जनगणना स्वागत योग्य कदम : Jogaram Patel

जिलाधिकारी ने लोगों से बेहद जरूरी काम होने की स्थिति में घर से बाहर निकलते समय पारंपरिक पेय पदार्थ जैसे छाछ आदि पीकर निकलने की अपील की। मौसम विभाग की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक, जोधपुर का तापमान 23 से 29 मई के बीच न्यूनतम 30 डिग्री से अधिकतम 45 डिग्री तक रहेगा। इसके अलावा, 24 और 27 मई के लिए लू की चेतावनी भी जारी की गई है। इसी वजह से जिलाधिकारी ने यह अपील की है। गर्मी के मौसम में जोधपुर में पानी की समस्या पर जिलाधिकारी ने कहा, “भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव की वजह से जलापूर्ति बाधित हुई थी, लेकिन अब स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है। जल्द ही जिले के हर भाग में पानी की सुचारू आपूर्ति हो जाएगी।”

राजस्थान में गर्मी लगातार बढ़ रही है। इसके चलते पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, जैसलमेर, बाड़मेर में जबरदस्त हीट वेव चल रही है। इस वक्त दिन में घर से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। यहां तक कि चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। इसी को लेकर जोधपुर जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने प्रेस वार्ता करते हुए जरूरी सुझाव दिए।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.