राजस्थान में राजनीतिक उठा-पटक के बीच कांग्रेस विधायक दल की आज यहां आयोजित बैठक में विधायकों का आना शुरू हो गया है। विधायकों को कड़ी सुरक्षा से लाया जा रहा है। वहीं गहलोत के करीबियों का दावा है कि सीएम आवास पर अब तक 90 विधायक पहुंचे हैं । कांग्रेस नेताओं ने कल देर रात एक प्रेस कांफ्रेंस कर दावा किया कि उनके पास 109 विधायकों का बहुमत है।
इधर उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट से कांग्रेस बातचीत नहीं कर रही है बल्कि पार्टी प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि हमें अब पायलट की जरूरत नहीं है। हमारे पास सरकार बचाने के लिए प्रर्याप्त बहुमत है। पायलट ने कल ही अपने साथ तीस विधायक होने का दावा किया था।
सुरजेवाला ने कहा कि पिछले 48 घंटे में कांग्रेस नेतृत्व ने कई बार सचिन पायलट से बात की है। उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार जनता की सेवा के लिए काम करेगा। कांग्रेस नेता ने कहा कि हम सभी विधायकों और नेताओं से अपील करते हैं कि वो विधायक दल की बैठक में शामिल हों और कांग्रेस की सरकार को मजबूत करने का काम करें।
सुरजेवाला ने कहा कि कभी-कभी वैचारिक मतभेद उत्पन्न होता है, लेकिन इससे अपनी ही सरकार को कमजोर करना ठीक नहीं । उन्होंने कहा अगर कोई मतभेद है तो सोनिया गांधी और राहुल गांधी की अगुवाई में हम इसका समाधान निकालेंगे लेकिन व्यक्तिगत प्रतिस्पर्धा के जरिए सरकार को कमजोर करना ठीक नही।
पायलट के खास समर्थक माने जाने वाले प्रतापसिंह खाचरियावास ने भी पार्टी के पास बहुमत का दावा करते हुए कहा है कि जिन विधायकों को रोका जा रहा है उन्हें अपना विडियो शेयर करना ना चाहिए ताकि उन्हें विधायक दल की बैठक में लाया जा सके।
इस बीच आयकर विभाग ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के दो नजदीक कांग्रेस नेताओं के घर पर छापेमारी की है। इसके अलावा जिस होटल में कांग्रेस के विधायक ठहरे है उस पर भी छापे की कार्रवाई बताई जा रही है। यह माना जा रहा है कि निर्दलीय विधायको की खरीद-फरोख्त के लिए भारी मात्रा में धन एकत्रित करने की आशंका को देखते हुए आयकर विभाग ने छापे की कार्रवाई की है।


Download Android App
Download iOS App



