राजस्थान के ऊर्जा मंत्री बुलाकी दास कल्ला ने आज विधानसभा में बताया कि प्रदेश में संविदाकर्मियों की समस्या पर पूरा अध्ययन किया जा रहा है तथा विचार करके निर्णय लिया जायेगा। श्री कल्ला ने प्रश्नकाल के दौरान वित्त मंत्री के रूप में विधायकों की ओर से पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब देते हुए कहा कि इस विषय में मंत्रिमंडलीय समिति की दो बैठकें आयोजित हो चुकी हैं तथा समिति द्वारा संविदाकर्मियों की समस्याओं का पूर्ण अध्ययन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी बातों का अध्ययन करके ही कोई निर्णय लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पिछली सरकार ने भी संविदाकर्मियों के लिए एक समिति बनाई थी, लेकिन पांच साल होने के बाद भी कोई निर्णय नहीं किया। उन्होंने बताया कि मौजूदा सरकार के समय लगभग तीन महीने आचार संहिता लगी रही, फिर भी अब तक समिति की दो बैठकें हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि बैठकों में हुए निर्णयों की जानकारी नही दी जा सकती, लेकिन जो भी अंतिम निर्णय होगा, सबके सामने आ जाएंगे।
उन्होंने बताया कि सरकार ने मंत्रिमंडलीय समिति का गठन किया है। इस समस्या का पूरा अध्ययन और विचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभी सभी विभागों से सूचनाएं एकत्र की जा रही हैं कि कौन व्यक्ति कितने समय से है, कब से है। उसमें आरक्षण के नियमों का पालन किया गया है या नहीं। उनके चयन का आधार क्या रहा है। इन सब बातों पर गौर करते हुए गुणावगुण के आधार पर विचार करके निर्णय किया जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



