अलवर पुलिस ने ‘लिंचिग’ पर अपने बयान के कारण विवादों में घिरे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता एवं राजस्थान के पूर्व विधायक ज्ञान देव आहूजा के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आहूजा को सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में यह कहते सुना गया कि उन्होंने गाय की तस्करी को लेकर ‘‘अब तक पांच लोगों की पीट-पीट कर हत्या’’ की है।
गोविंदगढ़ थानाधिकारी शिवशंकर के अनुसार, आहूजा के 45 वर्षीय चिरंजीलाल सैनी के परिवार से मिलने के बाद वायरल हुए वीडियो के आधार पर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। चिरंजीलाल सैनी को मेव मुस्लिम लोगों ने ट्रैक्टर चोरी के शक में शुक्रवार को पीटा था। शिवशंकर ने कहा कि धर्म के आधार पर नफरत एवं दुश्मनी को बढ़ावा देने के आरोप में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 153-ए के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो शुक्रवार का है, जब आहूजा गोविंदगढ़ में सैनी के परिवार से मिलने गए थे। कुछ लोगों ने 14 अगस्त को ट्रैक्टर चोरी के शक में सब्जी विक्रेता चिरंजीलाल को बुरी तरह पीटा था, जिसकी बाद में उपचार के दौरान मौत हो गई। सोशल मीडिया पर यह वीडियो शनिवार को साझा किया गया, जिसमें आहूजा गोविंदगढ़ के एक कार्यक्रम में बैठे दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में उन्हें यह कहते हुए सुना जा सकता है, ‘‘सब लोग बैठे हैं गोविंदगढ़ के, आंदोलन चलाना चाहिए, जबरदस्त चलाना चाहिए।’’ बीच में एक अन्य व्यक्ति कहता है, ‘‘बड़ा आंदोलन करने से ही दबाव बनेगा और यह कोई पहली घटना नहीं है।’’
इस पर आहूजा बीच में टोकते हुए कहते हैं, ‘‘नहीं, अब तक तो पांच हमने मारे हैं… चाहे लालवंडी में मारा, बहरोड़ में मारा… यह इस क्षेत्र में पहली बार हुआ है। वरना मैंने तो कार्यकर्ताओं को खुली छूट दे रखी है कि मारो… जो गोकशी या गौ तस्करी करता मिले। बरी भी करवाएंगे, जमानत भी करवाएंगे। आंदोलन चलाने के लिए रूपरेखा बनानी पड़ती है।’’


Download Android App
Download iOS App



