राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस भाजपा और भाजपा नेतृत्व पर दोष लगाने का प्रयास कर रही है। राजस्थान की मौजूदा राजनीतिक रस्साकशी के बीच राजे का यह पहला बयान है। यह बयान ऐसे समय में आया है जबकि ऑडियो टेप प्रकरण को लेकर हंगामा मचा हुआ है।
#RajasthanFirst pic.twitter.com/Qzq1iv0Yuy
— Vasundhara Raje (@VasundharaBJP) July 18, 2020
राजे ने ट्वीट किया,‘‘यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस की आंतरिक कलह का नुकसान आज राजस्थान की जनता को उठाना पड़ रहा है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ऐसे समय में जब राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण से 500 से अधिक मौत हो चुकी है और करीब 26000 लोग संक्रमित मिल चुके हैं … जब टिड्डी हमारे किसानों के खेतों पर लगातार हमले कर रही है।”
राजे ने कहा “ऐसे समय में जब महिलाओं के खिलाफ अपराध ने सीमाएं लांघ दी हैं, ऐसे समय में कांग्रेस भाजपा और भाजपा नेतृत्व पर दोष लगाने का प्रयास कर रही है।” राजे ने कहा,‘‘सरकार के लिए सिर्फ और सिर्फ जनता का हित सर्वोपरि होना चाहिए।’’ उन्होंने आगे लिखा, ‘‘कभी तो जनता के बारे में सोचिए।’’
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस ने एक ऑडियो टेप का हवाला देते हुए केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत को गिरफ्तार करने की मांग की है और आरोप लगाया है कि वे पार्टी के बागी विधायक भंवरलाल शर्मा के साथ मिलकर अशोक गहलोत सरकार को गिराने की साजिश में शामिल हैं। हालांकि शेखावत ने कहा है कि ऑडियो में उनकी आवाज नहीं है और वे किसी भी जांच के लिए तैयार हैं। शर्मा और भाजपा ने इस ऑडियो को फर्जी बताया है।


Download Android App
Download iOS App



