सुबह की भागदौड़ में जब समझ न आए कि नाश्ते में क्या बनाया जाए, या फिर शाम की चाय के साथ कुछ हल्का और टेस्टी खाने का मन हो, तो पनीर कॉर्न सैंडविच एक बेस्ट ऑप्शन है। ये सैंडविच सिर्फ खाने में टेस्टी नहीं होता है, बल्कि सेहत के लिए भी बहुत फायदेमंद है। पनीर का सेवन करने से हमारे शरीर को भरपूर मात्रा में प्रोटीन मिलता है और कॉर्न यानी मक्के के दाने इसे एक हल्का मीठा और क्रंची स्वाद देते हैं। इसे बनाना बेहद आसान है और ये 15 मिनट में बनकर तैयार हो जाता है। ऐसे में आइए जानते हैं, इसे बनाने की सबसे आसान विधि क्या है।
Paneer Corn Sandwich बनाने का तरीका

सामग्री
- ब्रेड स्लाइस
- कद्दूकस या मैश किया हुआ पनीर
- उबले हुए कॉर्न – मक्के के दाने
- बारीक कटा हुआ प्याज
- बारीक कटी हुई हरी मिर्च
- मेयोनेज़ या हरी चटनी
- काली मिर्च पाउडर
- चाट मसाला या गरम मसाला
- बटर या तेल
- नमक
पनीर कॉर्न सैंडविच बनाने की विधि

- इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक बर्तन में मैश किया हुआ पनीर, उबले हुए कॉर्न, कटा हुआ प्याज और हरी मिर्च को एक साथ मिलाएं।
- इसके बाद इसमें काली मिर्च पाउडर, चाट मसाला और नमक डालकर अच्छी तरह मिक्स करें।
- फिर ब्रेड की दो स्लाइस लेकर एक स्लाइस पर मेयोनेज़ या हरी चटनी लगाएं।
- इसके बाद चटनी लगी ब्रेड पर तैयार किया हुआ पनीर और कॉर्न का मिश्रण फैलाएं।
- फिर दूसरी ब्रेड स्लाइस से इसे ढक दें और हल्के हाथों से दबाएं।
- इसके बाद तवे या सैंडविच मेकर को गर्म करें और उसपे थोड़ा सा बटर लगाएं।
- इसके बाद सैंडविच को तवे पर रखें और धीमी आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा और क्रिस्पी होने तक सेकें।
- अब आपका गरमा-गरम सैंडविच बनकर तैयार है इसे बीच से काटकर टोमैटो केचप या हरी चटनी के साथ सर्व करें।
पनीर कॉर्न सैंडविच के लिए खास टिप्स
- अगर आप इसे बच्चों के लिए बना रहे हैं, तो हरी मिर्च की जगह बारीक कटी शिमला मिर्च का इस्तेमाल कर सकते हैं और स्टफिंग में थोड़ा चीज मिला सकते हैं।
- सैंडविच को हमेशा धीमी आंच पर ही सेकें, इससे ब्रेड एकदम कुरकुरी बनती है।
- अगर आपके पास मेयोनेज़ नहीं है, तो आप ब्रेड पर घर की मलाई या टोमैटो सॉस का इस्तेमाल कर सकते हैं।



Download Android App
Download iOS App




