सूरन की सब्जी बहुत ही टेस्टी और आसान तरीके से बनाई जाती है। सूरन को जिमीकंद या ओल भी कहा जाता है। इसे खासकर सर्दियों के मौसम में या खास मौकों और त्योहारों पर बहुत चाव से बनाया जाता है। सूरन की सब्जी जितनी खाने में टेस्टी होती है, उतनी ही सेहत के लिए भी फायदेमंद मानी जाती है, क्योंकि इसमें कई तरह के पोषक तत्व पाए जाते हैं। हालांकि, इसे बनाने से पहले सूरन को अच्छी तरह उबालना या खटाई के साथ पकाना जरूरी होता है ताकि गले में खराश न हो। आइए इसे बनाने का तरीका जानते हैं।
सूरन की सब्जी बनाने का तरीका

सामग्री
- सूरन: 500 ग्राम
- सरसों का तेल: 4-5 बड़े चम्मच
- प्याज: 3 मध्यम आकार के
- टमाटर: 2 मध्यम आकार के
- अदरक-लहसुन पेस्ट: 1 बड़ा चम्मच
- हरी मिर्च: 2-3
- दही: ½ कप
- नींबू का रस: 1-2 बड़े चम्मच
- मसाले, जीरा, अजवाइन / हींग, हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला, कसूरी मेथी, नमक,
- हरा धनिया
सूरन की सब्जी बनाने की विधि

- इसे बनाने के लिए हाथों पर और चाकू पर थोड़ा सरसों का तेल लगाकर छीलें और टुकड़ों में काट लें।
- इसके बाद कटे हुए सूरन को कुकर में थोड़ा पानी, थोड़ी हल्दी और नींबू का रस डालकर 1-2 सीटी लगाएं।
- फिर उबलने के बाद पानी छानकर सूरन के टुकड़ों को अलग रख लें।
- फिर एक कढ़ाई में थोड़ा तेल गरम करें और उबले हुए सूरन के टुकड़ों को हल्का सुनहरा होने तक डीप फ्राई कर लें।
- उसी कढ़ाई में बचे हुए तेल में जीरा, अजवाइन और हींग डालें।
- अब बारीक कटा प्याज और अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर सुनहरा होने तक भूनें।
- इसमें हल्दी, धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और थोड़ा पानी डालकर मसालों को अच्छी तरह तेल छोड़ने तक पकाएं।
- अब कढ़ाई में टमाटर की प्यूरी डालें और पकाएं।
- गैस की आंच धीमी करके फेंटा हुआ दही डालें और लगातार चलाते रहें ताकि दही फटे नहीं।
- मसाले में फ्राई किया हुआ सूरन, गरम मसाला और नमक डालकर अच्छे से मिलाएं।
- जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी डालकर ढक दें और धीमी आंच पर 4-5 मिनट तक पकने दें।
- अंत में कसूरी मेथी और ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया डालकर गैस बंद कर दें।
- गरमा-गरम सूरन की सब्जी को पराठे या पूरी के साथ परोसें।


Download Android App
Download iOS App




