भारत के ऑस्ट्रेलिया दौरे से ऐन वक्त पहले ऑस्ट्रेलिया टीम को तगड़ा झटका लगा है। पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज के दूसरे और आखिरी टेस्ट के तीसरे दिन की शुरुआत से पहले फॉर्म में चल रहे कंगारू बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा मैदान में नहीं उतर सके। उन्हें अभ्यास के दौरान बांए घुटने में चोट लग गई थी। जांच के बाद पाया गया कि उनके घुटने में मिनिस्कल टियर है। इसकी वजह से वो संभवत: दूसरे टेस्ट की चौथी पारी में भी बल्लेबाजी करने नहीं उतरेंगे।
पाकिस्तान ने जीत के लिए ऑस्ट्रेलिया के सामने 538 रन का लक्ष्य रखा। ऐसे में सीरीज के पहले टेस्ट में कंगारू टीम के रक्षक बने उस्मान ख्वाजा ने शानदार शतक जड़ा। उनकी ऐतिहासिक पारी की बदौलत मैच बराबरी पर समाप्त हुआ। एक बार फिर टीम को उनसे ऐसी ही पारी खेलने की आशा थी लेकिन वो गंभीर रूप से चोटिल हो गए। ख्वाजा की गैरमौजूदगी में शॉन मार्श और एरोन फिंच ने ऑस्ट्रेलिया टीम के लिए चौथी पारी में बल्लेबाजा की शुरुआत की। लेकिन मार्श जल्दी ही पवेलियन लौट गए। जीत के लिए 538 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया ने तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक 1 विकेट पर 47 रन बना लिए थे।
ख्वाजा को गुरुवार को स्कैन के लिए अस्पताल ले जाया गया। जांच में पाया गया कि उनके घुटने में चोट है और इससे उबरने के लिए उन्हें ऑपरेशन करवाना पड़ सकता है जिसके बाद वो मैदान से छह से 12 सप्ताह दूर रहेंगे। ऐसे में भारत के खिलाफ चार मैचों की घरेलू टेस्ट सीरीज में उनका खेलना संदिग्ध नजर आ रहा है।स्टीव स्मिथ और डेविड वॉर्नर जैसे दिग्गज खिलाड़ी प्रतिबंध के कारण पहले ही भारत के खिलाफ नहीं खेल पाएंगे। ऐसे में ख्लाजा का सीरीज में न खेल पाना ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए बड़ा झटका होगा।


Download Android App
Download iOS App



