नई दिल्ली : विंगर उदांता सिंह ने कहा कि आगामी विश्व कप क्वालीफाइंग मैच भारतीय फुटबॉल टीम के लिये ‘असल चुनौती’ होंगे लेकिन एशिया कप समेत पिछले कुछ टूर्नामेंटों में अच्छे प्रदर्शन से खिलाड़ियों को शीर्ष टीमों के खिलाफ बेहतर प्रदर्शन का आत्मविश्वास मिला है। भारत 2022 विश्व कप दूसरे दौर के क्वालीफायर के पहले मैच में गुरूवार को गुवाहाटी में ओमान से खेलेगा । इसके बाद दोहा में 10 सितंबर को एशियाई चैम्पियन कतर से खेलना है।
ग्रुप ई में बांग्लादेश और अफगानिस्तान बाकी दो टीमें हैं। हर टीम अगले साल जून तक अपने मैदान पर और बाहर मैच खेलेगी। सभी आठ ग्रुप की शीर्ष टीम और चार सर्वश्रेष्ठ उपविजेता टीमें तीसरे दौर में जायेंगी। उदांता ने कहा कि सभी क्वालीफाइंग दौर के मैच हमारे लिये कठिन होंगे।
हमें अगले दौर में पहुंचने के लिये अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। उन्होंने कहा कि हर मैच महत्वपूर्ण है। मैदान पर रैंकिंग मायने नहीं रखते। ओमान के खिलाफ प्रदर्शन मायने रखेगा। ओमान विश्व रैंकिंग में 87वें और भारत 103वें स्थान पर है। आखिरी बार दिसंबर में दोनों टीमों के बीच हुआ मुकाबला गोलरहित ड्रा रहा था।


Download Android App
Download iOS App



