इन दिनों भारतीय क्रिकेट टीम इंग्लैंड में मौजूद है। बेशक भारत को विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2021 के फाइनल में न्यूजीलैंड से हार झेलनी पड़ी हो, लेकिन इस बात में कोई दोराय नहीं कि भारत बेहद मजबूत टीम है। इस बात को खुद इंग्लैंड के दिग्गज पूर्व कप्तान एलिस्टर कुक ने माना है। जी हां एलिस्टर कुक ने अपने हालिया बयान में कहा है कि इंग्लैंड की टीम में अनुभवहीन खिलाड़ियों काफी कमी है, जिसकी वजह से यह टीम भारत के मजबूत गेंदबाजी आक्रमण के सामने मुश्किल में आ सकती है।

यही नहीं कुक ने भारतीय टीम की भी बड़ी कमजोरी से पर्दा फाश किया है। दरअसल कुक को ऐसा लगता है कि भारतीय टीम की बल्लेबाजी वर्ल्ड क्लास है, लेकिन मूव करती गेंदों के आगे वे बेबस भी नजर आते हैं।

पूर्व कप्तान कुक ने कहा, भारत एक बेहतरीन टीम है। यदि गेंद मूव या स्विंग होती है तब इंग्लैंड टीम इस फायदे को उठाने से पीछे नहीं रहेगी। उन्होंने यह भी बताया भारतीय टीम की बल्लेबाजी वर्ल्ड क्लास है, लेकिन जब गेंद मूव या स्विंग करती है तो वे उसे नहीं खेल पाते हैं, जिसको उनकी सबसे बड़ी कमजोरी माना जा सकता है। आप हमेशा इस टीम के खिलाफ ऐसे मौके की कल्पना करते हैं कि उन पर दबाव बनाया जा सके।

गौरतलब है कि साउथैम्पटन में खेले गए डब्ल्यूटीसी 2021 के फाइनल में टीम इंडिया को न्यूजीलैंड ने 8 विकेट से धूल चटाई। वहीं इंग्लैंड और भारत के बीच होने वाली टक्कर की बात करें तो पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के साथ भारतीय टीम इंग्लैंड में टेस्ट सीरीज जीतने के अपने सूखे को खत्म करना चाहेगी। भारत ने इंग्लैंड की धरती पर अपनी पिछली टेस्ट सीरीज 2007 में जीती थी।


Download Android App
Download iOS App



