गुरुवार को आईपीएल का 47वां मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेला गया। जहाँ नितीश राणा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आखिरी के ओवर्स में हैदराबाद से जीत छीन ली और इस सीजन के अपनी चौथी जीत हासिल की। केकेआर के विस्फोटक बल्लेबाज़ आंद्रे रसेल जो अपनी तूफानी बैटिंग के लिए दुनिया भर में जाने जाते हैं, कल मैच में रसेल ज्यादा कुछ तो नहीं कर पाए लेकिन टी20 क्रिकेट में उन्होंने एक खास मुकाम हासिल किया है।

आंद्रे रसेल एक ऐसा नाम है, जिसे सुनकर सामने वाली टीम पहले ही दबाव में आ जाती है। रसेल का जब दिन होता है तो वो अच्छे-अच्छे गेंदबाज़ो की पिटाई कर देते है। फिर गेंद सीधा ग्राउंड के बाहर जाते हुए ही दिखती है। कल हैदराबाद के खिलाफ भी रसेल की पावर तो देखने को मिली लेकिन ज्यादा देर तक नहीं। रसेल ने एसआरएच के खिलाफ 15 गेंदों पर 24 रन की पारी खेली।

इस दौरान रसेल ने दो छक्के लगाए और इसी के साथ उन्होंने टी20 क्रिकेट में 600 छक्के भी पुरे कर लिए। टी20 क्रिकेट में 600 छक्के लगाने वाले रसेल केवल तीसरे बल्लेबाज़ हैं। उनसे पहले उनकी नेशनल टीम वेस्ट इंडीज के खिलाड़ी क्रिस गेल और कीरोन पोलार्ड ने यह कारनामा किया है। रसेल ने मयंक मार्कण्डेय की गेंद पर छक्का लगाकर यह उपलब्धि हासिल की।

वहीँ टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ियों की बात करें तो पहले नंबर पर वेस्ट इंडीज और आईपीएल में आरसीबी और कई टीमों से खेलने वाले क्रिस गेल का नाम सबसे ऊपर हैं। गेल ने 463 टी20 मैचों में में 1056 छक्के लगाए है। गेल के नाम टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा 22 शतक लगाने का भी रिकॉर्ड है। वहीँ इसके बाद दूसरे नंबर पर एक और वेस्टइंडीज के खिलाड़ी का नाम है, कीरोन पोलार्ड जिन्होंने टी20 क्रिकेट में 800 से ज्यादा छक्के लगाए हैं। पोलार्ड ने 652 टी20 मैचों में 812 छक्के लगाए है। इसके बाद तीसरे नंबर पर आंद्रे रसेल हैं, जिन्होंने 446 मैचों में 600 छक्के लगाए है।


Download Android App
Download iOS App



