अपूर्वी चंदेला ने लगाया स्वर्ण पर निशाना

Summary :

जयपुर की इस निशानेबाज ने फाइनल में 251 अंक का स्कोर जुटाया और चीन की वांग लुयाओ से आगे रहीं जिन्होंने 250.8 अंक से रजत पदक हासिल किया।

नई दिल्ली : भारत की अपूर्वी चंदेला ने अपनी स्वर्णिम लय जारी रखते हुए जर्मनी के म्यूनिख में चल रहे साल के तीसरे आईएसएसएफ राइफल पिस्टल विश्व कप में रविवार को करीबी मुकाबले में महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में पहला स्थान हासिल किया। 
जयपुर की इस निशानेबाज ने फाइनल में 251 अंक का स्कोर जुटाया और चीन की वांग लुयाओ से आगे रहीं जिन्होंने 250.8 अंक से रजत पदक हासिल किया। चीन की जु होंग 229.4 अंक से तीसरे स्थान पर रहीं। 
अपूर्वी और वांग के बीच मुकाबला काफी करीबी रहा जिसमें यह भारतीय महज 0.1 अंक से आगे थीं। अपूर्वी ने अंत में 10.4 अंक से स्वर्ण हासिल किया जबकि वांग 10.3 अंक ही बना सकीं। यह अपूर्वी का साल में दूसरा आईएसएसएफ विश्व कप स्वर्ण पदक है, उन्होंने फरवरी में नयी दिल्ली में विश्व रिकार्ड से पहला स्थान हासिल किया था। 
बीजिंग में दूसरे विश्व कप में वह चौथे स्थान पर रही थीं। यह उनके करियर का चौथा आईएसएसएफ पदक है। एक अन्य भारतीय इलावेनिल वलारिवान भी फाइनल तक पहुंची लेकिन दुर्भाग्यशाली रहीं और पदक से चूककर चौथे स्थान पर रहीं। 

Desk Team