भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के खिलाफ घरेलू हिंसा को लेकर गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है और यदि वह 15 दिन के अंदर समर्पण नहीं करते हैं तो उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। शमी इस समय भारतीय टेस्ट टीम का हिस्सा हैं और वेस्टइंडीज के किंग्सटन में दूसरे टेस्ट मैच में खेल रहे हैं।
शमी की पत्नी हसीन जहां ने पिछले साल उनपर घरेलू हिंसा के आरोप लगाए थे। शमी और उनके भाई हासिद अहमद के खिलाफ आईपीसी की धारा 498 ए के तहत मामला दर्ज किया गया था।

कोलकाता की अलीपुर अदालत ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए शमी के खिलाफ गिरफ्तार वारंट जारी किया है और उन्हें 15 दिन के अंदर सरेंडर करने के लिए भी कहा है। शमी 15 दिनों के अंदर जमानत के लिए आवेदन कर सकते हैं।
तेज गेंदबाज शमी ने 2019 के एकदिवसीय विश्वकप में भारत के सेमीफाइनल तक पहुंचने में अहम भूमिका निभाई थी। वह इस समय वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे और अंतिम टेस्ट में खेल रहे हैं। वह 70 वनडे में 131 विकेट और 42 टेस्ट मैच में 151 विकेट ले चुके हैं।


Download Android App
Download iOS App



