आईपीएल का 14 वां सीजन आर अश्विन के लिए कुछ खास नहीं रहा है और इस दौरान वह किसी न किसी वजह से चर्चा में बने रहे। बुधवार को आईपीएल 2021 का दूसरा क्वॉलीफायर मैच खेला गया, जिसमें केकेआर की जीत हुई। क्वालीफायर-2 मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से आखिरी ओवर अश्विन ने डाला था। इस ओवर में दो विकेट निकालने के बाद अश्विन की गेंद पर राहुल त्रिपाठी ने छक्का लगाकर अपनी टीम को फाइनल में जगह दिलाई।

वहीं इस मुकाबले के बाद अपनी बेबाक राय देने के लिए पहचाने जाने वाले पूर्व क्रिकेटर संजय मांजरेकर स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को लेकर एक बयान दिया है। मांजरेकर के मुताबिक अश्विन टी20 क्रिकेट के लिए सही खिलाड़ी नहीं हैं और वो कभी भी अपनी टी20 टीम में अश्विन को जगह देना पसंद नहीं करेंगे।

इस मैच के बाद मांजरेकर ने एक बातचीत के दौरान कहा, हमने अश्विन को लेकर बहुत बात की। टी20 गेंदबाज के रूप में वो टीम में एक बेहतर खिलाड़ी नहीं हैं। यदि आप चाहते हैं कि अश्विन बदल जाए तो ये वो चीज है जो मुझे नहीं लगता कि हो पाएगी क्योंकि पिछले पांच-सात सालों से वो ऐसा ही है। हम समझते हैं कि अश्विन टेस्ट क्रिकेट में बेहद शानदार है, उनका इंग्लैंड में एक भी टेस्ट मैच नहीं खेल पाना काफी दुखद रहा। आईपीएल और टी20 क्रिकेट में अश्विन पर बहुत ज्यादा समय खर्च करना ठीक नहीं होगा।

भारतीय टीम के पूर्व क्रिकेटर ने आगे कहा, मुझे लगता है कि बीते पांच सालों में रविचंद्रन अश्विन ने बस यही दिखाया कि वो एक ही तरह से गेंदबाजी करता है। मैं उन्हें कभी अपनी टी20 टीम में खेलते हुए नहीं देखना चाहूंगा क्योंकि मेरे पास अगर टर्निंग पिच है तो मैं वरुण चक्रवर्ती, सुनील नरेन और युजवेंद्र चहल जैसे खिलाड़ी पर दांव लगाऊंगा।

आईपीएल के दूसरे क्वालीफायर मैच की करें तो केकेआर के कप्तान इयोन मोर्गन ने टॉस जीत कर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 135 रन बनाए। केकेआर के लिए वरुण चक्रवर्ती ने दो, जबकि लॉकी फर्ग्यूसन और और शिवम मावी ने एक-एक विकेट लिए। जिसके बाद केकेआर ने 136 रनों का लक्ष्य हासिल कर फाइनल के लिए अपनी राह पक्की कर ली।


Download Android App
Download iOS App



