Asian Games 2018 : आज भारत ने घुडसवारी में जीते दो रजत, पदक तालिका में 9वें स्थान पर

Summary :

Asian Games 2018 के आठवें दिन रविवार को भारत ने दो रजत पदक हासिल किए हैं। भारत को यह पदक घुड़सवारी के इवेंटिंग व्‍यक्तिगत और टीम मुकाबले में मिले।

Asian Games 2018 के आठवें दिन रविवार को भारत ने दो रजत पदक हासिल किए हैं। भारत को यह पदक घुड़सवारी के इवेंटिंग व्‍यक्तिगत और टीम मुकाबले में मिले। व्‍यक्तिगत मुकाबले का रजत भारत के लिए फवाद मिर्जा ने जीता। भारत एशियन गेम्‍स में अब तक 31 पदक जीत चुका है। स्‍टार बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल ने महिला सिंगल्‍स वर्ग के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। उन्‍होंने थाईलैंड की रातचानोक इंतानान को 21-18, 21-16 से हराया। इस जीत के साथ साइना ने कम से कम एक मेडल जीतना सुनिश्चित कर लिया है।

उधर, भारतीय महिला तीरंदाजों ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए रविवार को आठवें दिन महिला कंपाउंड टीम स्पर्धा के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। तीरंदाजी (आर्चरी) में पुरुषों की कंपाउंड टीम इवेंट में भारत ने कतर को 227-213 से हराकर क्‍वार्टर फाइनल में स्‍थान बना लिया है। आठवें दिन आज भारतीय खेलप्रेमियों की निगाह एथलेटिक्‍स में अपने खिलाड़ि‍यों के प्रदर्शन पर टिकी होगी। रविवार को भारत के कई एथलीट मुकाबले में उतरेंगे। भारतीय महिलाओं और पुरुषों ने अपनी लय को बरकरार रखते हुए रविवार को केनाइंग की टीबीआर 500 मीटर स्पर्धा के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। इससे पहले, मुकाबले के सातवें दिन शनिवार को भारतीय एथलीट तेजिंदर पाल सिंह ने इतिहास रचते हुए गोला फेंक में भारत को सातवां स्वर्ण पदक दिला दिया, जो कुल मिलाकर भारत का 29वां पदक रहा। तेजिंदर के अलावा सातवें दिन दिन के बाकी तीन कांस्य पदक स्क्‍वॉश में हासिल हुए थे।

घुड़सवारी में भारत ने की अच्‍छी शुरुआत
भारत ने रविवार को घुड़सवारी में दो रजत पदत हासिल किए। घुड़सवारी की इंडिविजुअल इवेंट में पहला रजत पदक फवाद मिर्जा ने दिलाया, वहीं दूसरा रजत टीम स्पर्धा में हासिल हुआ है। मिर्जा ने सेनोर मेडिकोट नाम के घोड़े के साथ फाइनल में 26.40 सेकेंड में अपनी स्पर्धा को पूरा कर दूसरा स्थान प्राप्त किया और रजत पर कब्जा जमाया। पांच साल की उम्र से घुड़सवारी सीख रहे मिर्जा ने 2014 में हुए एशियाई खेलों में इसी स्पर्धा में 10वां स्थान हासिल किया था। ऐसे में यह एशियाई खेलों का उनका पहला पदक है. स्वर्ण पदक जापान के योशियाकी ओइवा ने जीता। उन्होंने 22.70 सेकेंड का समय लिया। चीन के एलेक्स हुआ ने 27.10 सेकेंड का समय लेकर कांस्य पदक जीता. टीम स्पर्धा में भी भारत ने दूसरा स्थान हासिल कर रजत पदक ही जीता। राकेश कुमार, आशीष मलिक, जीतेंद्र सिंह और मिर्जा की टीम ने 121.30 सेकेंड के साथ रजत पदक जीता। इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक भी जापान ने ही जीता। जापान की टीम ने 82.40 सेकेंड का समय लिया। थाईलैंड ने 126.70 सेकेंड का समय लेकर कांस्य पर कब्जा जमाया।

तीरंदाजी में महिला टीम कंपाउंड इवेंट के सेमीफाइनल में पहुंची
भारतीय महिला तीरंदाजों ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए 18वें एशियाई खेलों में रविवार को आठवें दिन महिला कंपाउंड टीम स्पर्धा के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। मुस्कान किरार, मधुमिता कुमारी और ज्योति सुरेखा वेन्नम की टीम ने क्वार्टर फाइनल में इंडोनेशिया की टीम को 229-224 से हराया। पहले सेट में भारतीय टीम को 56-57 से हार का सामना करना पड़ा था इसके बाद खेल में वापसी कर भारतीय महिला तीरंदाजों ने दूसरा सेट 58-56 से जीत लिया। इंडोनेशिया की टीम ने एक बार फिर तीसरे सेट में 57-56 से जीत हासिल की, लेकिन भारतीय टीम ने चौथे सेट को 59-54 से जीतने के साथ क्वार्टर फाइनल में अपनी जीत पक्की की।

जाउना और अनु 400 मीटर हर्डल्‍स के फाइनल में पहुंचीं
अनु राघवन और जाउना मुरमु ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए रविवार को Asian Games 2018 के आठवें दिन महिलाओं की 400 मीटर बाधा दौड़ के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। जाउना को अंतिम सूची में आठवां स्थान मिला है, वहीं अनु ने बेहतर प्रदर्शन के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। हीट-1 में जाउना ने 59.20 सेकेंड का समय लेकर चौथा स्थान हासिल कर फाइनल में क्वालीफाई किया। अनु ने हीट-2 में 56.77 सेकेंड का समय लेकर तीसरा स्थान हासिल कर फाइनल में कदम रखा। इससे पहले, कल भारत के मोहम्मद अनस और राजीव अरोकिया ने एथलेटिक्‍स में पुरुषों की 400 मीटर स्पर्धा के फाइनल में जगह बना ली थी। अनस 45.63 सेकेंड में दूरी तय करते हुए हीट में पहले स्थान पर रहे। पुरुषों की हाईजंप इवेंट के क्‍वालिफिकेशन राउंड में चेतन बालासुब्रमण्‍यम ने 2.15 की ऊंचाई नापी।चेतन ने पांचवें स्‍थान पर रहते हुए हाईजंप इवेंट के फाइनल के लिए क्‍वालिफाई कर लिया है। महिला वर्ग में हिमा दास और निर्मला श्योराण ने 400 मी. दौड़ के फाइनल मुकाबले के लिए क्वालीफाई कर लिया है।

केनोइंग में पुरुष और महिला टीम फाइनल में पहुंची
भारतीय महिलाओं और पुरुषों ने अपनी लय को बरकरार रखते हुए रविवार को केनाइंग की टीबीआर 500 मीटर स्पर्धा के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। सेमीफाइनल के दूसरे चरण में भारतीय महिला टीम ने 2 मिनट और 33.987 सेकेंड का समय लेकर तीसरा स्थान हासिल किया। भारतीय पुरुष टीम ने रीपचेज में 2 मिनट और 23.162 सेकेंड का समय लेकर दूसरा स्थान हासिल किया और इसके साथ ही सेमीफाइनल में कदम रखा। सेमीफाइनल में इसके बाद पुरुष टीम ने पहले चरण में 2 मिनट और 22.505 सेकेंड का समय लेकर पांचवां स्थान हासिल किया। ऐसे में टीम ने फाइनल-बी में जगह बनाई है।

टेबल टेनिस में महिला टीम ने कतर को हराया
टेबलटेनिस में महिलाओं की टीम इवेंट में भारत ने कतर को 3-0 से हराया। मौमा दास ने पहले मैच में माहा अली को हराते हुए टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। दूसरे मैच में अहिका मुखर्जी ने जीत हासिल कर स्‍कोर 2-0 कर दिया। सुतिर्था मुखर्जी ने तीसरे मैच में महा फरामार्जी को 11-3, 11-3, 11-6 से हराकर भारत की जीत पक्की की।

एथलेटिक्स

एथलेटिक्स में सातवें दिन की सबसे बड़ी ऐतिहासिक उपलब्धि गोलाफेंक में तेजिंदर पाल सिंह की रही. तेजिंदर ने नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाने के साथ ही एशियाई खेलों में भी रिकॉर्ड बना दिया। तेजिंदर ने 20.75 मीटर के साथ भारत का परचम लहराया। भारत का इस एशियाई खेलों में यह सातवां स्वर्ण पदक है। 23 साल के तेजिंदर ने पहले प्रयास में 19.96, दूसरे प्रयास में 19.15 मीटर का थ्रो किया. हालांकि तीसरा प्रयास उनका फाउल रहा। लेकिन उन्होंने चौथे प्रयास में 19.96 और पांचवें प्रयास में 20.75 का रिकॉर्ड थ्रो किया. भारतीय नौ सेना में काम करने वाले पंजाब के तेजिंदर पाल ने पिछले साल एशियाई चैंपियनशिप में रजत पदक जीता था। वह गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों में हालांकि निराशाजनक तौर पर आठवें स्थान पर रहे थे। एशियाई खेलों के इतिहास में पुरुषों के शॉट पुट में भारत का यह नौवां स्वर्ण पदक है। इससे पहले, मदन लाल ने 1951 में, परदुमन सिंह ने 1954 और 1958 में, जोगिन्दर सिंह ने 1966 और 1970 में, बहादुर सिंह चौहान ने 1978 और 1982 में तथा बहादुर सिंह सागू ने 2002 के एशियाई खेलों के शॉट पुट स्पर्धा में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीता था।

हिमा दास और निर्मला ने भी शनिवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए महिलाओं की 400 मीटर स्पर्धा के फाइनल में जगह बना ली है। जीबीके मेन स्टेडियम में आयोजित क्वालीफिकेशन रेस में 2018 की वर्ल्ड जूनियर चैंपियन हिमा ने 51.00 सेकेंड का समय निकालते हुए 18 धाविकाओं के बीच पहला स्थान हासिल किया जबकि निर्मला ने 54.09 सेकेंड के साथ चौथा स्थान प्राप्त किया. इससे पहले महिलाओं की हैमर-थ्रो प्रतिस्पर्धा में सरिता सिंह नौ प्रतियोगियों में छठे स्थान पर रहीं. उनकी सर्वश्रेष्ठ कोशिश 62.03 मी. के रूप में रही. हालांकि, यह उनके करियर के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन से पाीछे रह गया. सरिता सिंह का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 62.25 मी. है. इस स्पर्धा में चीन की लौ ना ने 71.42 मीटर की दूरी के साथ स्वर्ण अपने नाम किया.चीन की ही वांग झेंग ने 70.86 मीटर की दूरी के साथ रजत पदक जबकि जापान की कात्सुयामा हितोमी ने 62.95 मीटर की दूरी के साथ कांस्य पदक जीता।

वहीं, महिला धावक दुती चंद ने 100 मीटर स्पर्धा के सेमीफाइनल में जगह बना ली है. दुती ने शनिवार को जीबीके मेन स्टेडियम में हीट-2 में लेन नंबर-4 से शानदार शुरुआत की और 11.38 सेकेंड का समय निकालते हुए पहला स्थान हासिल किया। कजाकिस्तान की आल्गा साफरोनोवा दूसरे और उज्बेकिस्तान की निगिना शारिपोवा तीसरे पायादन पर रही। साफरोनोवा ने 11.46 सेकेंड में रेस पूरी की जबकि उज्बेकिस्तान की खिलाड़ी ने 11.59 सेकेंड का समय निकालते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

हॉकी: महिलाओं की तीसरी जीत

गुरजीत कौर के दो गोलों से भारतीय महिला हॉकी टीम ने शनिवार को दक्षिण कोरिया को 4-1 से हरा दिया। भारतीय टीम की यह लगातार तीसरी जीत है। भारत के लिए ग्रुप-बी के इस मैच में नवनीत कौर ने 16वें, गुरजीत कौर ने 54वें और 55वें जबकि वंदना कटारिया ने 56वें मिनट में गोल किए। वहीं, यूरिम ने 20वें मिनट में दक्षिण कोरिया के लिए एकमात्र गोल किया। यह गोल पेनल्टी स्ट्रोक पर हुआ। तीसरे क्वार्टर में दोनों टीमों में से कोई भी टीम गोल नहीं कर पाई। लेकिन चौथे और आखिरी क्वार्टर में भारत ने दो पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर मैच अपने पक्ष में कर लिया. भारत ने इसके बाद कुछ मिनट बाद ही एक और मैदानी गोल कर मैच 4-1 से अपने नाम कर लिया।

ब्रिज: दोनों टीमें सेमीफाइनल में पहुंचीं, पदक सुनिश्चित

भारत की मिश्रित और पुरुष टीम ने 18वें एशियाई खेलों के सातवें दिन शनिवार को ब्रिज (ताश) स्पर्धा के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है. इसके साथ ही भारत के दो और कांस्य पदक पक्के हो गए हैं. किरण नादर, सत्यनारायाण बाजीराजु, हेमा देवरा, गोपीनाथ मन्ना, हिमानी खंडेलवाल और राजीव खंडेलवाल की मिश्रित टीम ने अपने राउंड-रोबिन मैच में पहला स्थान हासिल किया और सेमीफाइनल में अपना स्थान पक्का लिया। सेमीफाइनल में भारतीय मिश्रित टीम का सामना थाईलैंड से होगा। वहीं, जग्गी शिवदासनी, राजेश्वर तिवारी, सुमित मुखर्जी, देबाब्रता मजुमदार, राजु तोलानी और अजय खाड़े की पुरुष टीम ने राउंड रोबिन मुकाबले में चौथे स्थान पर रहकर अंतिम-4 में अपनी जगह पक्की की.सेमीफाइनल में भारतीय पुरुष टीम का मुकाबला सिंगापुर से होगा. ब्रिज को पहली बार एशियाई खेलों में शामिल किया गया है और भारत इसमें तेजी से पदक की ओर बढ़ रहा है।

शूटिंग में अनीश फाइनल के लिए क्‍वालिफाई नहीं कर पाए

शूटिंग में भारत के लिए निराशाजनक खबर है. राष्‍ट्रमंडल खेलों में स्‍वर्ण पदक जीतने वाले युवा अनीश भानवाला पुरुष वर्ग की 25मीटर रैपिड फायर पिस्‍टल इवेंट में फाइनल के लिए क्‍वालिफाई नहीं करि पाए। 16 वर्ष के अनीश को भारत के लिए पदक की उम्‍मीद माना जा रहा था। वे क्‍वालिफिकेशन राउंड में नौवें स्‍थान पर रहे. एक अन्‍य शूटर शिवम शुक्‍ला भी 11वें स्‍थान पर रहकर फाइनल राउंड में जगह नहीं बना पाए।

वालीबॉल में भारतीय पुरुष टीम ने मालदीव को हराया
भारतीय पुरुष वॉलीबाल टीम ने यहां जारी 18वें एशियाई खेलों के सातवें दिन शनिवार को पूल-एफ के मैच में मालदीव को 3-0 से हरा दिया. भारतीय टीम ने पहला सेट 18 मिनट में 25-12 से जीता। वहीं दूसरा सेट 25-21 से जीतने में उसे 23 मिनट का समय लगा. तीसरे सेट में भारतीय टीम ने 25-17 से जीत दर्ज की. यह भारत की तीन मैचों में दूसरी जीत है. भारत अपने ग्रुप में चार टीमों की तालिका में छह अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है।

महिला बॉक्सिंग में पवित्रा ने पाकिस्तान की परवीन को दी मात

भारत की महिला बॉक्‍सर पवित्रा ने 60 किलोग्राम भारवर्ग स्पर्धा के पहले दौर के मुकाबले में पाकिस्तान की परवीन रुखसाना को तकनीकी आधार पर मात देते हुए क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई. पवित्रा शुरू से ही पाकिस्तानी मुक्केबाज पर हावी थीं और इसी कारण रैफरी ने बीच में मुकाबला रोक पवित्रा को विजेता घोषित किया.पवित्रा ने पहले दौर में शुरू से आक्रामक खेल खेला. इसी कारण परवीन ने अपने डिफेंस को मजबूत करने की कोशिश की, लेकिन मौका पाते ही पवित्रा ने सटीक लैफ्ट जैब और हुक के जरिए उन्हें कमजोर किया। दूसरे दौर में पवित्रा हावी थीं और इसी वजह से रेफरी ने बीच में मुकाबला रोक कर पवित्रा को विजयी घोषित कर दिया।

Desk Team