टीम इंडिया ने लॉर्ड्स में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में इंग्लैंड को 151 रनों से करारी शिकस्त देकर इस मैदान पर 89 सालों में तीसरी बार जीत दर्ज की। लॉर्ड्स टेस्ट के दौरान मैदान पर कप्तान विराट कोहली का उग्र व्यवहार और जेम्स एंडरसन के साथ उनकी नोकझोक भी देखने को मिली। वहीं अब रिपोर्ट्स में एक और बड़ा दावा किया जा रहा है कि भारतीय और इंग्लिश खिलाड़ियों के बीच तीसरे दिन मैदान में बहस केवल मैदान पर ही नहीं बल्कि ड्रेसिंग रूम में भी दोनों टीम्स आपस में भिड़ी।

खबर है कि लॉर्ड्स टेस्ट के तीसरे दिन दोनों टीमों के बीच खूब तकरार हुई। ‘डेली टेलीग्राफ’ की रिपोर्ट के मुताबिक खिलाड़ियों की मैदान से बाहर निकलते समय बहस करते हुए तस्वीरें सामने आयी थी लेकिन यह विवाद लांग रूम तक खिंचा जो कि भारतीय अधिकारियों, सहयोगी स्टाफ और खिलाड़ियों से भरा था जिन्होंने अंदर पहुंचने पर अपने खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत किया था।

रिपोर्ट में कहा गया है, इससे दोनों टीमों को दिन के आखिर में एक दूसरे से मिलने के अधिक अवसर मिले जिससे मैदान की छींटाकशी आगे तक भी जारी रहने की संभावना बढ़ी।

दरअसल इस टेस्ट मैच के तीसरे दिन भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने इंग्लैंड के 11वें नंबर के बल्लेबाज और प्रमुख तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन के लिये लगातार बाउंसर किये थे। भारतीय कप्तान कोहली ने मंगलवार को कहा था कि उनके खिलाड़ियों को इंग्लैंड ने उकसाया लेकिन उन्होंने इस दौरान उपयोग किये गये शब्दों का जिक्र नहीं किया।


Download Android App
Download iOS App



