अनुभवी एलिस पैरी के आलराउंड खेल के दम पर आस्ट्रेलिया ने त्रिकोणीय महिला टी20 क्रिकेट श्रृंखला में रविवार को यहां भारत को कम स्कोर वाले मैच में चार विकेट से हराया। पैरी ने पहले 13 रन देकर चार विकेट लिये और युवा तायला वलामिंक (13 रन देकर तीन) के साथ मिलकर भारतीय टीम को नौ विकेट पर 103 रन पर रोक दिया। पैरी ने इसके बाद बल्लेबाजी के लिये मुश्किल पिच पर 49 रन की पारी खेली जिससे आस्ट्रेलियाई टीम 18.5 ओवर में छह विकेट खोकर लक्ष्य हासिल करने में सफल रही।
टूर्नामेंट के पहले मैच में इंग्लैंड को पांच विकेट से शिकस्त देकर शानदार शुरुआत करने वाली भारतीय महिला टीम ने पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिलने पर अपने आखिरी सात विकेट 25 रन के अंदर गंवाये। भारत की तरफ से केवल स्मृति मंदाना (35), कप्तान हरमनप्रीत कौर (28) और दसवें नंबर की बल्लेबाज राधा यादव (11) ही दोहरे अंक में पहुंची। भारतीय गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन उनके सामने बचाव के लिये बड़ा स्कोर नहीं था।
आस्ट्रेलिया के तीन विकेट 30 पर निकल गये थे जिसमें एशलीग गार्डनर (22) भी शामिल थी। पैरी ने यहीं से जिम्मेदारी संभाली और 47 गेंद की अपनी पारी में आठ चौके लगाये। बायें हाथ की स्पिनर राधा यादव ने उन्हें अर्धशतक पूरा नहीं करने दिया लेकिन जब वह आउट हुई तब आस्ट्रेलिया लक्ष्य से केवल पांच रन दूर था। भारत की तरफ से राजेश्वरी गायकवाड़ ने चार ओवर में 18 रन देकर दो विकेट लिये। उनके अलावा राधा, दीप्ति शर्मा, शिखा पांडे और अरूधंती रेड्डी ने एक-एक विकेट लिया। इससे पहले युवा बल्लेबाज शेफाली वर्मा (पांच) और जेमिमा रोड्रिग्स (एक) के जल्दी आउट होने के बाद मंदाना और हरमनप्रीत ने तीसरे विकेट के लिये 40 रन जोड़े।
मंदाना के आउट होने से यह साझेदारी टूटी। इसके बावजूद भारत का स्कोर 13 ओवर समाप्त होने पर तीन विकेट पर 78 रन था और वह अच्छी स्थिति में दिख रहा था लेकिन पैरी ने अगले ओवर की पहली गेंद पर हरमनप्रीत को थर्ड मैन पर कैच करवा दिया। पैरी ने इसी ओवर में तानिया भाटिया और दीप्ति शर्मा को भी पवेलियन भेजा जिसके बाद भारतीय टीम वापसी नहीं कर पायी। टी20 विश्व कप की तैयारियों के लिये महत्वपूर्ण माने जा रहे इस टूर्नामेंट में भारतीय महिला टीम अपना अगला मैच सात फरवरी को इंग्लैंड के खिलाफ खेलेगी।


Download Android App
Download iOS App



