आस्ट्रेलिया ने मंगलवार को सिडनी क्रिकेट मैदान पर खेले गए तीसरे टी-20 मुकाबले में भारत को 12 रनों से हरा दिया। तीन मैचों की यह सीरीज हालांकि भारत ने 2-1 से अपने नाम कर ली है। भारत को जीत के लिए 187 रनों का लक्ष्य मिला था लेकिन वह कप्तान विराट कोहली (85) की शानदार पारी के बावजूद निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट पर 174 रन ही बना सकी और 12 रनों से मैच हार गई।
भारत की ओर सिर्फ कोहली ही चल सके। शिखर धवन ने 28 रन बनाते हुए कोहली के साथ दूसरे विकेट के लिए 74 रनों की साझेदारी की थी जबकि हार्दिक पांड्या (20) ने पांचवें विकेट के लिए 44 रनों की साझेदारी की।
कोहली ने अपनी 61 गेंदों की पारी में चार चौके और तीन छक्के लगाए। अंत में शार्दूल ठाकुर ने सात गेदों पर दो छक्कों की मदद से नाबाद 17 रन बनाकर भारत की नैया पार लगाने की पूरी कोशिश की लेकिन वह सफल नहीं हो सके। आस्ट्रेलिया की ओर से मिशेल स्वीपसन ने सबसे अधिक तीन विकेट हासिल किए।
इससे पहले, मैथ्यू वेड के नेतृत्व में अपने बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर आस्ट्रेलिया ने भारत के सामने 187 रनों का लक्ष्य रखा। टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेजबान टीम ने खराब शुरुआत से उबरते हुए निर्धारित 20 ओवरों में पांच विकेट पर 186 रन बनाए। उसकी ओर से वेड ने सर्वाधिक 80 रनों का पारी खेली।
वेड के अलावा स्टीवन स्मिथ ने 24 और ग्लैन मैक्सवेल ने 54 रन बनाए। वेड ने अपनी 53 गेंदों की पारी में सात चौके और दो छक्के लगाए जबकि स्मिथ ने 23 गेंदों का सामना कर एक चौका लगाया। कप्तान एरॉन फिंच एक मैच के विराम के बाद टीम में लौटे लेकिन वह खाता नहीं खोल सके। मैक्सवेल ने वेड का अच्छा साथ निभाया और 36 गेंदों पर तीन चौके और इतने ही छक्के लगाए।
वेड और मैक्सवेल ने तीसरे विकेट के लिए 53 गेंदों पर 90 रनों की साझेदारी की। भारत के लिए वॉशिंगटन सुंदर ने दो विकेट लिए। शार्दूल ठाकुर और टी. नटराजन को एक-एक सफलता मिली।


Download Android App
Download iOS App



