मेलबर्न : मारिया शारापोवा ने मेलबर्न की तेज गर्मी के बीच आस्ट्रेलिया ओपन में अपना दावा मजबूत करते हुए आज यहां महिला एकल के तीसरे दौर में जगह बनाई जबकि कैरोलिन गार्सिया और एग्निएज्का रदवांस्का भी अगले दौर में प्रवेश करने में सफल रही। मेलबर्न में तापमान 39 डिग्री सेल्सियस की ओर बढ़ रहा है और ऐसे में खिलाड़ियों को बर्फ के तौलियों का इस्तेमाल करना पड़ रहा है। शारापोवा ने अनास्तासिजा सेवास्तोवा को 6-1, 7-6 से हराया। ड्रग्स प्रतिबंध के बाद जब शारापोवा वापसी कर रही थी तो पिछले साल अमेरिकी ओपन प्री क्वार्टर फाइनल में लातविया की इस 14वीं वरीय खिलाड़ी ने ही उन्हें हराया था लेकिन इस बार रूस की खिलाड़ी ने उन्हें कोई मौका नहीं दिया।
शारापोवा ने मैच के बाद कहा, ‘‘आप देख सकते हैं कि काफी गर्मी है। मैंने ऐसी खिलाड़ी के खिलाफ दो सेट में अपना काम कर दिया जो अतीत में मुझे परेशान कर रही थी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘अब आस्ट्रेलिया ओपन का तीसरा दौर है। मुझे लगता है कि इस जीत के बाद मैं खुश होने की हकदार हूं।’’ शारापोवा को अगले दौर में 2016 की आस्ट्रेलिया ओपन चैंपियन एंजेलिक कर्बर से भिड़ना पड़ सकता है जिन्हें दूसरे दौर में डोना वेकिच का सामना करना है। फ्रांस की आठवीं वरीय कैरोलिन को चेक गणराज्य की युवा मार्केता वोंद्रोसोवा के खिलाफ जूझना पड़ा लेकिन वह तीन सेट तक चले कड़े मुकाबले में लगभग ढाई घंटे में 6-7, 6-2, 8-6 से जीत दर्ज करने में सफल रही। उन्हें अगले दौर में तीसरी वरीय गर्बाइन मुगुरुजा से भिड़ना पड़ सकता है जो दायीं जांघ की समस्या से परेशान हैं और दूसरे दौर में ताईवान की सीह सू वेई से भिड़ेंगी।
ब्रिटेन की योहाना कोंटा को हालांकि अमेरिका की बर्नार्डा पेरा के खिलाफ 4-6, 5-7 से शिकस्त का सामना करना पड़ा। पोलैंड की 26वीं वरीय रदवांस्का को भी तीन सेट तक जूझना पड़ा। उन्होंने पहला सेट गंवाने के बाद वापसी करते हुए उक्रेन की लेसिया सुरेंको को दो घंटे और 17 मिनट में 2-6, 7-5, 6-3 से हराया।
पुरुष एकल में स्पेन के 21वें वरीय अल्बर्ट रामोस विनोलास ने सीधे सेटों में अमेरिका के टिम स्मिजेक को 6-4, 6-2, 7-6 से हराकर तीसरे दौर में प्रवेश किया। हंगरी के दुनिया के 80वें नंबर के खिलाड़ी मार्टन फुकसोविक्स ने उलटफेर करते हुए अमेरिका के 13वें वरीय सैम क्वेरी को 6-4, 7-6, 4-6, 6-2 से हराया। इसके साथ ही पुरुष और महिला एकल में अमेरिकी खिलाड़ी शुरुआती दौरों में ही बाहर हो गए।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



