लंदन : अपना पहला टेस्ट मैच खेल रहे इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने दूसरे एशेज टेस्ट मैच में शुरू में ही अपना पहला विकेट चटकाया जिससे शुक्रवार को आस्ट्रेलिया का शीर्ष क्रम लडखड़ा गया। बारिश से प्रभावित मैच के तीसरे दिन आस्ट्रेलिया ने लंच से पहले 11 रन के अंदर तीन विकेट गंवा दिये। बारिश के कारण समय से पहले लंच की घोषणा कर दी गयी और खेल रोके जाने के समय आस्ट्रेलिया का स्कोर 37.1 ओवर में चार विकेट पर 80 रन था। दिन के पहले सत्र में महज 24.1 ओवर का खेल ही संभव हुआ।
इसके बार बारिश के कारण आगे खेल नहीं हो पाया। स्थानीय समय के अनुसार शाम पांच बजकर 22 मिनट पर अंपायरों ने दिन का खेल रद्द कर दिया। मैच का पहला दिन भी बारिश की भेंट चढ़ गया था। इंग्लैंड की पहली पारी कल 258 रन पर सिमटी थी। दिन की शुरूआत 30 रन पर एक विकेट से आगे करने वाली आस्ट्रेलियाई टीम अब भी इंग्लैंड से 178 रन पीछे है और उसके छह विकेट शेष हैं। एक महीने पहले इसी मैदान पर सुपर ओवर फेंक कर इंग्लैंड को चैम्पियन बनाने वाले आर्चर 13 ओवर में 18 रन देकर कैमरून बैनक्राफ्ट के रूप पर अपना पहला टेस्ट विकेट लिया।
जब बारिश के कारण दिन का खेल समाप्त घोषित किया गया तब पिछले मैच में दो शतक लगाने वाले स्टीव स्मिथ 13 रन पर नाबाद थे जिनका साथ मैथ्यू वेड दे रहे है। वेड ने अभी खाता नहीं खोला है। आस्ट्रेलिया ने दिन की शुरूआत एक विकेट पर 30 रन से किया लेकिन बादल छाये रहने के कारण बल्लेबाजों के लिए परिस्थिति मुश्किल थी। दूधिया रोशनी के सहारे शुरू हुए खेल में कल के नाबाद बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने क्रिस वोक्स पर दो चौके लगाकर लय में होने का संकेत दिया।
इंग्लैंड ने हालांकि चार गेंद के अंदर दो विकेट चटकाकर आस्ट्रेलिया को स्कोर तीन विकेट पर 60 रन कर दिया। आर्चर ने इस दौरान बेनक्राफ्ट को 13 रन पर पगबाधा कर अपना पहला विकेट झटका। उन्हें हालांकि जश्न मनाने के लिए थोड़ा इंतजार करना पड़ा। बेनक्राफ्ट ने रिव्यू लिया लेकिन उन्हें इसका फायदा नहीं मिला। इसके बाद मैदान पर आये स्मिथ को एक बार फिर हूटिंग का सामना करना पड़ा लेकिन उन पर इसका कोई असर नहीं हुआ। वोक्स ने इसके बाद ख्वाजा को विकेटकीपर जानी बेयरस्टा के हाथों कैच कराकर पवेलियन भेजा।


Download Android App
Download iOS App



