मैड्रिड : स्टार खिलाड़ी लियोनेल मेस्सी की शानदार हैट्रिक से एफसी बार्सिलोना ने सेल्टा को शनिवार रात खेले गए मुकाबले में 4-1 से हराकर शीर्ष पर अपना स्थान बरकरार रखा। मेस्सी ने अपनी हैट्रिक में दो गोल फ्री किक पर और एक गोल पेनल्टी पर किया।
मैच में बार्सिलोना ने मैसी के पेनल्टी पर किये गए गोल से बढ़त बनाई थी जबकि सेल्टा ने आधे समय से तीन मिनट पहले लुकास ओलोजा के फ्री किक पर किये गए गोल से बराबरी हासिल की थी। मैसी के फाउल से सेल्टा को फ्री किक मिली थी। मैसी ने इस गलती की भरपाई करते हुए पहले हाफ के इंजरी समय में 25 गज की दूरी से जबरदस्त फ्री किक लगाकर बार्सिलोना को 2-1 से बढ़त दिला दी।
मैसी ने दूसरे हाफ में तीन मिनट गुजरने के बाद यही कारनामा दोहराते हुए अपनी हैट्रिक पूरी की और बार्सिलोना को 3-1 से आगे कर दिया। बार्सिलोना का चौथा गोल एन्टोयन ग्रीजमैन ने मैच समाप्ति से छह मिनट पहले किया। बार्सिलोना ने यह मुकाबला 4-1 के बड़े अंतर से जीत लिया।


Download Android App
Download iOS App



