सोची : रोमेलू लुकाकू के दो गोलों की मदद से बेल्जियम ने फीफा विश्व कप के अपने पहले मुकाबले में टूर्नामेंट में पहली बार खेल रहे पनामा को 3-0 से हरा दिया। पहला हाफ गोलरहित रहने के बाद बेल्जियम ने ब्रेक के बाद दूसरे ही मिनट में गोल कर दिया। ड्राइस मर्टेंस ने बेल्जियम को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद लुकाकू ने केविन डि ब्रूयेन और कप्तान इडेन हजार्ड की मदद से दो गोल करके ग्रुप जी के इस मुकाबले में जीत सुनिश्चित की।
इस ग्रुप के अन्य मुकाबले में इंग्लैंड का सामना ट्यूनीशिया से होगा। बेल्जियम की टीम का अपराजेय अभियान अब 20 मैचों का हो गया है। पहले हाफ में खराब प्रदर्शन से हालांकि बेल्जियम टीम की कमजोरियां उजागर हो गई है। पिछले दो बड़े टूर्नामेंटों में क्वार्टर फाइनल तक पहुंची टीम को बेहतर प्रदर्शन करना है तो इसमें सुधार करना होगा। स्थानीय दर्शकों ने पहले हाफ में हर्नान डारियो गोमेज की टीम का पूरी तरह से समर्थन किया। क्वालीफाइंग दौर में भी गोल करने के लिये जूझती रही पनामा की टीम यहां भी कोई कमाल नहीं कर सकी।
अधिक जानकारियों के लिए बने रहिये पंजाब केसरी के साथ।


Download Android App
Download iOS App



