बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने शुक्रवार को कहा कि अगले कुछ दिन में क्रिकेट सलाहकार समिति का गठन किया जायेगा जो तीन साल के लिये नयी चयन समिति का चयन करेगी। गांगुली ने कहा कि सीएसी का गठन सिर्फ एक बैठक के लिये किया जायेगा जो चयनकर्ताओं पर फैसला लेगी क्योंकि पुरूष टीम के मुख्य कोच का चयन कपिल देव की अध्यक्षता वाली पूर्व समिति कर चुकी है।
गांगुली ने यहां एक कार्यक्रम से इतर कहा कि अगले कुछ दिन में सीएसी का गठन होगा । यह सिर्फ एक बैठक करेगी क्योंकि मुख्य कोच की नियुक्ति पहले ही हो चुकी है। मौजूदा चयन समिति के अध्यक्ष एमएसके प्रसाद और सदस्य गगन खोड़ा का कार्यकाल खत्म हो रहा है।
जतिन परांजपे, शरणदीप सिंह और देवांग गांधी का अभी एक साल का कार्यकाल बाकी है लेकिन ऐसी अटकलें हैं कि उन्हें भी हटाया जायेगा। सीएसी की नियुक्ति हितों के टकराव का एक बड़ा मसला रही है। सचिन तेंदुलकर, वीवीएस लक्ष्मण और कपिल देव तक पर हितों के टकराव के आरोप लगे जिसके बाद उन्हें इस्तीफा देना पड़ा।


Download Android App
Download iOS App



