किंग्स इलेवन पंजाब का आईपीएल 13 का सफर अब खत्म हो गया है,लेकिन खास बात टीम के कप्तान लोकेश राहुल अभी भी लीग में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। ऐसे में आईपीएल में मिलने वाली औरेंज कैप के हकदार भी वहीं है।

वहीं मुंबई इंडियंस के धुरंधर गेंदबाज जसप्रीत बुमराह विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में प्रथम स्थान पर हैं। ऐसे में बुमराह के नाम पर्पल कैप है।

चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेले गए अंतिम मैच में राहुल ने 29 रन बनाए थे और इसी के साथ उन्होंने टूर्नामेंट का अंत 14 मैचों में 670 रनों के साथ किया। चेन्नई ने पंजाब को नौ विकेट से हरा दिया हालांकि चेन्नई टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है।

राहुल के बाद दिल्ली कैपिटल्स के शिखर धवन का नंबर है जिनके नाम 13 मैचों में 471 रन हैं। तीसरे नंबर पर चेन्नई के फाफ डु प्लेसिस हैं जिन्होंने 13 मैचों में 449 रन बनाए हैं।

वहीं बुमराह 13 मैचों में 23 विकेट लेकर गेंदबाजों की सूची में पहले स्थान पर बने हुए हैं। दूसरे स्थान पर कैगिसो रबादा हैं जिनके नाम उतने ही विकेट हैं जितने बुमराह के नाम हैं, लेकिन बुमराह का औसत और इकॉनोमी रेट उनसे बेहतर है।

राजस्थान रॉयल्स के जोफ्रा आर्चर तीसरे स्थान पर हैं। उन्होंने 14 मैचों में 20 विकेट लिए हैं। आईपीएल का लीग चरण खत्म होने वाला है। इसमें सिर्फ दो मैच बचे हैं और इन्हीं दो मैचों से प्लेऑफ की तीन खाली जगहों का फैसला होगा। मुंबई इंडियंस तो इस समय पहले स्थान पर है और प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर चुकी है। बाकी तीन स्थानों के लिए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर, कोलकाता नाइट राइडर्स, दिल्ली कैपिटल्स और सनराइजर्स हैदराबाद में रेस है।


Download Android App
Download iOS App



